Sat. Nov 21st, 2026

बर्फीली हवाओं से ठिठुरा प्रदेश, मैदानों में घना कोहरा, दो दिन बाद बर्फबारी के आसार

देहरादून:  उत्तराखंड में चार दिन वर्षा और बर्फबारी के बाद मौसम खुल गया है। हालांकि, अब भी कहीं-कहीं आंशिक बादल मंडरा रहे हैं। शुष्क मौसम में ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिल रही है, लेकिन बर्फीली हवाओं ने ठिठुरन बढ़ा दी है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। मैदानी क्षेत्रों में घना कोहरा छाने की आशंका है। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में शीत दिवस की स्थिति को लेकर चेतावनी जारी की गई है।

प्रदेश में कड़ाके की ठंड का प्रकोप है। चोटियों पर हिमपात के बाद निचले क्षेत्रों में तापमान में गिरावट आई है। दिनभर चल रही सर्द हवाओं ने कंपकंपी बढ़ा दी है।

रविवार को सुबह से ज्यादातर क्षेत्रों में धूप खिली रही, लेकिन तापमान गिरने से कड़ाके की ठंड महसूस की गई। इस दौरान पर्वतीय क्षेत्रों में जरूर धूप ने कुछ राहत दी।

चारधाम समेत ऊंची चोटियां बर्फ से सफेद बनी हुई हैं। धनोल्टी-चकराता समेत अन्य हिल स्टेशन पर बर्फबारी के बाद पर्यटकों की चहलकदमी बढ़ गई है।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, उत्तराखंड में पश्चिमी विक्षोभ फिलहाल थोड़ा कमजोर पड़ा है। अगले दो दिन प्रदेश में वर्षा की उम्मीद कम है।

इस दौरान ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहेगा। मैदानों में घना कोहरा छाने और शीत लहर की चेतावनी है। इसके बाद आगामी 18 जनवरी से पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता बढ़ सकती है। जिससे पर्वतीय क्षेत्रों में हिमपात और निचले क्षेत्रों में वर्षा की संभावना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *