इस खिलाड़ी की वजह से शतक लगा पाए शुभमन, हार्दिक के साथ इंटरव्यू में गिल ने किया खुलासा,
भारत ने न्यूजीलैंड को तीन मैचों की टी20 सीरीज के आखिरी मुकाबले में 168 रन से हरा दिया। इसी के साथ भारतीय टीम ने 2-1 से सीरीज अपने नाम की। नाबाद 126 रन बनाने वाले शुभमन गिल को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। वहीं, कप्तान हार्दिक पांड्या प्लेयर ऑफ द सीरीज रहे। मैच के बाद दोनों ने एक-दूसरे का इंटरव्यू लिया। बीसीसीआई ने इसका वीडियो शेयर किया है। शुभमन ने शतक का श्रेय कप्तान हार्दिक को दिया है।
सबसे पहले हार्दिक ने शुभमन से सवाल पूछा- शुभमन आप ये बताएं कि कैसे आप इतने मुश्किल शॉट इतनी आसानी से खेलते हैं? यह देखने में अत्यधिक सुंदर होता है। इसके लिए बहुत सारा श्रेय आपके पिता को जाता है, क्योंकि उन्होंने आप पर काफी मेहनत की है। इसके अलावा किस चीज ने आपके करियर में काफी मदद की है? इस पर शुभमन कहते हैं- मैं मैदान पर जाने और वह करने के लिए बहुत उत्सुक था, जो मुझे करना पसंद है
शुभमन कहते हैं- हार्दिक आपने मुझे वह आत्मविश्वास दिया, खासकर इस मैच में जब मैं बैटिंग के लिए जा रहा था। मैच से पहले आपने कहा मुझे- जैसा मैं खेलता हूं वैसे ही जाकर खेलो, कुछ एक्स्ट्रा करने की जरूरत नहीं है। मुझे लगता ये छोटी-छोटी बातें काफी मदद करती हैं। इसके बाद हार्दिक कहते हैं मुझे पता है कि हार्ड वर्क (कड़ी मेहनत) का मतलब क्या होता है। आपके पिता ने आपको कड़ी मेहनत करना सिखाया और यह आपके गेम में दिखा। मैं युवा साथियों से भी कहना चाहूंगा कि कड़ी मेहनत ही शीर्ष पर पहुंचने की एकमात्र चाबी है।
