Tue. Jun 16th, 2026

फरवरी में ही मौसम के तेवर तल्ख, पर्वतीय क्षेत्रों में रिकार्ड स्तर पर तापमान

देहरादून:  उत्तराखंड में मौसम के तेवर तल्ख हैं। लगातार शुष्क बने मौसम में तापमान कुलाचें भर रहा है। जिससे पहाड़ से लेकर मैदान तक गर्मी का एहसास होने लगा है। जेट वायु धाराओं का असर बरकरार रहने के कारण वातावरण में गर्म हवाएं चल रही हैं।

दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिन प्रदेश में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। इस दौरान तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक वृद्धि और हो सकती है।

हालांकि, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा भी हो सकती है।  प्रदेश में कई दिनों से मौसम शुष्क बना हुआ है। जिसके चलते तापमान में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है।

खासकर पहाड़ों में तापमान रिकार्ड स्तर पर पहुंच गया है। ज्यादातर पर्वतीय क्षेत्रों में अधिकतम पारा 20 डिग्री सेल्सियस से अधिक पहुंच गया है। जो कि सामान्य से सात से नौ डिग्री सेल्सियस तक अधिक है

वहीं मैदानी क्षेत्रों में तापमान सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक बना हुआ है। दून में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है, जो कि सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस अधिक है।

कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह के अनुसार, प्रदेश के ज्यादातर क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहने की आशंका है। उत्तरकाशी, चमोली व पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। इसके अलावा अन्य क्षेत्रों में चटख धूप खिलने के साथ ही तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed