Wed. Aug 26th, 2026

आदेश जारी:पालनहार योजना में मिलने वाली सहायता राशि में 1 जुलाई से होगी 500 तक बढ़ोतरी

डूंगरपुर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री टीकाराम जूली ने पालनहार योजना के अंतर्गत अनाथ श्रेणी के अतिरिक्त अन्य श्रेणी के लाभार्थियों को दी जाने वाली सहायता राशि में वृद्धि के आदेश जारी किए हैं। इससे प्रदेश के 6.5 लाख से अधिक बच्चे लाभान्वित होंगे। उन्होंने कहा कि अनाथ श्रेणी के अतिरिक्त अन्य श्रेणी के 6 वर्ष तक आयु वर्ग के बच्चों के लिए प्रतिमाह मिलने वाली 500 रुपए की सहायता राशि को बढ़ाकर 750 रुपए तथा 6 से 18 वर्ष आयु वर्ग को मिलने वाली 1000 रुपए की सहायता राशि को बढ़ाकर 1500 रुपए कर दिया गया है।

सहायता राशि में यह वृद्धि 1 जुलाई, 2023 से प्रभावी होगी। मंत्री जूली ने बताया कि राज्य सरकार द्वारा संचालित पालनहार योजना के अंतर्गत अनाथ श्रेणी के बच्चों को 1500 एवं 2500 रुपए की सहायता राशि दी जा रही है और अब अन्य श्रेणी के बच्चों को भी अधिक सहायता राशि का लाभ मिलेगा। उल्लेखनीय है कि इस योजना में 18 वर्ष तक के अनाथ बच्चों, निराश्रित पेंशन की पात्र अथवा पुनर्विवाहित विधवा माता, तलाकशुदा, परित्यक्ता माता एवं नाता जाने वाली माता के बच्चों, विशेष योग्यजन, एचआईवी अथवा कुष्ठ रोगी, मृत्युदंड या आजीवन कारावास प्राप्त माता, पिता एवं सिलिकोसिस बीमारी से पीड़ित मातापिता के बच्चों को आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास के लिए राज्य सरकार द्वारा मासिक आर्थिक सहायता दी जाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *