Sun. May 31st, 2026

दूसरी पारी में पुजारा और सूर्यकुमार का अर्धशतक, शिवम मावी को छह विकेट; मुश्किल में मध्य क्षेत्र

तेज गेंदबाज शिवम मावी की मदद से मध्य क्षेत्र ने गुरुवार को दलीप ट्रॉफी के सेमीफाइनल में पश्चिम क्षेत्र को पहली पारी में 220 रनों पर समेट दिया। उत्तर प्रदेश के मावी ने पहली पारी में 44 रन देकर छह विकेट चटकाए। जवाब में बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अरजन नागवासवाला (5/74) की गेंदबाजी से मध्य क्षेत्र की पहली पारी 128 रनों पर सिमट गई और इस तरह पश्चिम क्षेत्र को 92 रनों की बढ़त हासिल हुई। मध्य क्षेत्र के लिए पहली पारी में अलीगढ़ के रिंकू सिंह ने सबसे ज्यादा 48 रन बनाए। उन्होंने 69 गेंदों में छह चौके लगाए। उनके अलावा उत्तर प्रदेश के ही ध्रुव जुरेल ने 55 गेंदों में सात चौकों की मदद से 46 रन की पारी खेली। हालांकि, पहली पारी में असफल रहने वाले पश्चिम क्षेत्र के बल्लेबाजों चेतेश्वर पुजारा और सूर्यकुमार यादव ने दूसरी पारी में अच्छा प्रदर्शन करते हुए अर्धशतक लगाए। दूसरे दिन का खेल खत्म होने पर पश्चिम क्षेत्र ने तीन विकेट पर 149 रन बना लिए हैं और टीम की कुल बढ़त 241 रन की हो गई है।

पुजारा 103 गेंदों में पांच चौकों की मदद से 50 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनका साथ सरफराज खान छह रन बनाकर निभा रहे हैं। सरफराज पहली पारी में खाता भी नहीं खोल पाए थे। सूर्यकुमार ने 58 गेंदों में 52 रन बनाए और आठ चौके व एक छक्का जड़ा। मध्य क्षेत्र के लिए दूसरी पारी में सौरभ कुमार ने दो और यश ठाकुर ने एक विकेट लिया।

मध्य क्षेत्र के कप्तान शिवम मावी ने कहा, ”मैं पिछले तीन-चार साल से लाल गेंद से अच्छा प्रदर्शन कर रहा हूं। उम्मीद है कि टेस्ट मैच खेलने का मौका मिलेगा। मैं सिर्फ एक प्रारूप नहीं खेलना चाहता बल्कि सभी प्रारूपों में खेलने के लिए तैयार रहने की कोशिश में हूं और कड़ी मेहनत कर रहा हूं। भारत में तेज गेंदबाजों के लिए कप्तानी मुश्किल होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed