Mon. May 4th, 2026

एम्स में रंगारंग कार्यक्रमों की धूम के साथ पाइरेक्सिया फेस्टिवल का आगाज

देशभर के 72 मेडिकल कॉलेज के छात्रों के पांच दिवसीय इंटरनेशनल कॉलेज फेस्टिवल पाइरेक्सिया का बृहस्पतिवार को रंगारंग कार्यक्रमों के साथ आगाज हो गया है। समारोह का उद्घाटन मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया। पाइरेक्सिया फेस्टिवल में सांस्कृतिक कार्यक्रम, शैक्षणिक गतिविधियां और खेलों की धूम रहेगी। समारोह के पहले दिन नवजोत आहूजा बैंड की धूम रही। छात्र-छात्राएं जमकर झूमें।

एम्स ऑडिटोरियम में मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और विशिष्ट अतिथि ऋषिकेश मेयर अनीता ममगाईं ने पाइरेक्सिया फेस्टिवल का दीप प्रज्ज्वलित कर विधिवत उद्घाटन किया। सीएम धामी ने कहा पाइरेक्सिया के आयोजन से मेडिकल के छात्रों में नई उमंग, उत्साह और ऊर्जा का संचार होगा। प्रतिभा को आगे लाने में मददगार साबित होगा। सीएम ने कहा कि मेडिकल की पढ़ाई कर रहे छात्र-छात्राओं को परमात्मा ने इस क्षेत्र में लोगों स्वास्थ्य देखभाल एवं उपचार के लिए खासतौर से भेजा है। लिहाजा उन्हें पढ़ाई के साथ-साथ जीवन में आने वाली कठिनाइयों का सामना करने को भी तैयार रहना होगा।

उन्होंने आपात स्थितियों के लिए एम्स की हेली एंबुलेंस सेवा, ट्रॉमा एवं इमरजेंसी सेवाओं को शानदार प्रयास बताया और इसके लिए एम्स प्रशासन की सराहना की। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी का उत्तराखंड में एम्स संस्थान के रूप विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सेवाओं से युक्त अस्पताल स्थापित करने का सपना था, जिससे राज्य के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। इस दौरान उन्होंने हाल ही में चमोली में हुए हादसे के घायलों के बेहतर उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए एम्स संस्थान का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में मेयर अनीता मंमगाई, प्रोफेसर (डॉ.) जया चतुर्वेदी, चीफ प्रवोस्ट प्रो. अमित गुप्ता, डॉ. मोनिका पठानिया, डॉ. मृदुल धर आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *