उदीयमान खिलाड़ियों के चयन ट्रायल 12 से
टनकपुर (चंपावत)। मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना के तहत छात्रवृत्ति के लिए बालक और बालिका खिलाड़ियों के चयन के लिए 12 सितंबर से ट्रायल होंगे। फाइनल ट्रायल 19 से 21 सितंबर तक टनकपुर में होंगे। जिला क्रीड़ा अधिकारी भुवन चंद्र पंत ने बताया कि एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूड़ो, कराटे, बैडमिंटन, ताइक्वांडो, फुटबाल, बास्केटबाल, हॉकी, टेबल टेनिस, कबड्डी में 14 से 23 आयु वर्ग के उदीयमान बालक, बालिका खिलाड़ियों के नगर, ब्लॉक स्तर पर ट्रायल होंगे। फाइनल ट्रायल में चयनित सौ खिलाड़ियों को दो हजार रुपये प्रति माह छात्रवृत्ति मिलेगी।
नगर स्तर पर टनकपुर, चंपावत, लोहाघाट के बालक खिलाड़ियों के ट्रायल 12 सितंबर को गोरलचौड़ मैदान चंपावत में और बालिका खिलाड़ियों के 13 सितंबर को टनकपुर स्टेडियम में होंगे। ब्लॉक स्तर के बालक खिलाड़ियों के ट्रायल 15 सितंबर को गोरलचौड़ मैदान चंपावत, जीआईसी लोहाघाट और बालिका खिलाड़ियों का ट्रायल 16 सितंबर को वन पंचायत मैदान बाराकोट, जीआईसी पाटी में होगा। उन्होंने बताया कि 14 से 17, 17 से 19, 19 से 21, 21 से 23 आयु वर्ग में 25-25 खिलाड़ियों का चयन होना है।
