US Open: मेदवेदेव ने वर्ल्ड नंबर वन अल्काराज को चौंकाया, सेमीफाइनल में दी शिकस्त, अब जोकोविच से खिताबी मुकाबला
डेनिल मेदवेदेव ने शुक्रवार को रोमांचक सेमीफाइनल मुकाबले में गत चैंपियन कार्लोस अल्काराज को हराकर यूएस ओपन के फाइनल में प्रवेश किया। तीसरी वरीयता प्राप्त रूसी खिलाड़ी मेदवेदेव ने आर्थर ऐश स्टेडियम कोर्ट पर तीन घंटे 19 मिनट तक चले रोमांचक मैच में अल्काराज को 7-6 (7/3), 6-1, 3-6, 6-3 से हरा दिया इस जीत के साथ ही उन्होंने अल्काराज से विंबलडन सेमीफाइनल में मिली हार का भी बदला ले लिया। अल्काराज ने विंबलडन के सेमीफाइनल में मेदवेदेव को 6-3, 6-3, 6-3 से हराया था। अल्काराज यूएस ओपन के डिफेंडिंग चैंपियन भी थे।
शेल्टन को हराकर फाइनल में पहुंचे जोकोविच
36 साल के जोकोविच सातवीं बार यूएस ओपन के फाइनल में पहुंचे। शेल्टन के खिलाफ मैच उनका इस ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट में 100वां मैच भी था। जीत के बाद वह काफी खुश दिखे। अगर वह फाइनल जीतते हैं तो ओपन एरा में यूएस ओपन जीतने वाले सबसे उम्रदराज खिलाड़ी बन जाएंगे। इसके साथ ही वह पुरुष और महिला को मिलाकर मारग्रेट कोर्ट के सबसे ज्यादा ग्रैंड स्लैम जीतने के रिकॉर्ड की भी बराबरी कर लेंगे। वह 24वें ग्रैंड स्लैम खिताब के लिए कोर्ट में उतरेंगे। इस सर्बियाई खिलाड़ी ने अपने पिछले 23 ग्रैंड स्लैम सेमीफाइनल में से 22 मैच जीते हैं
उन्होंने पिछली बार 2018 में यूएस ओपन टाइटल जीता था। इस टूर्नामेंट के बाद जोकोविच फिर से वर्ल्ड नंबर वन बन जाएंगे। जोकोविच तीसरी बार एक ही साल में सभी चार मेजर टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंचे हैं। वह अपने करियर में चौथी बार एक ही सीजन में तीन ग्रैंड स्लैम जीतने की कोशिश करेंगे
