Sun. Nov 22nd, 2026

आकांक्षी ब्लाॅक गदरपुर में होगा सुपोषण मेला और कृषि महोत्सव

रुद्रपुर। डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम सभागार में आकांक्षी जिले के तहत चयनित गदरपुर ब्लॉक के विकास के लिए चिंतन शिविर का आयोजन किया गया। सीडीओ विशाल मिश्रा ने नीति आयोग की ओर से चिह्नित 39 सूचकों पर ब्लॉक की स्थिति के बारे में बताया।

उन्होंने प्रत्येक सूचक की रेटिंग में सुधार करने को लेकर सभी से सुझाव लिए। कहा कि पीएम मोदी 30 सितंबर को संकल्प सप्ताह का शुभारंभ दिल्ली में करेंगे। उन्होंने खंड विकास अधिकारी गदरपुर को दिल्ली में होने वाले कार्यक्रम में शामिल होने के लिए दो जनपद स्तरीय तथा दो ब्लॉक स्तरीय अधिकारी नामित कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आकांक्षी ब्लॉक के तहत गदरपुर में तीन अक्तूबर को संपूर्ण स्वास्थ्य-एक संकल्प कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य मेलों का आयोजन किया जाएगा। सुपोषित परिवार के तहत चार अक्तूबर को सुपोषण मेला, पांच को स्वच्छता अभियान, छह को कृषि महोत्सव, सात को शिक्षा एक संकल्प, आठ को समृद्धि दिवस और नौ अक्तूबर को संकल्प सप्ताह समावेश सम्मेलन होगा।

शिविर का संचालन आशीष भटनागर ने किया। वहां पर जिला शिक्षा अधिकारी माध्यमिक डीएस राजपूत, जिला कार्यक्रम अधिकारी उदय प्रताप सिंह, लीड बैंक अधिकारी एसएस जंगपांगी, एडीपीआरओ महेश कुमार आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *