Thu. Oct 1st, 2026

उज्जैन में 12 साल की बच्ची से रेप खून से सनी लड़की आधे-अधूरे कपड़ों में ढाई घंटे भटकती रही; बोली- मां के साथ भी गलत काम हुआ

उज्जैन में 12 साल की बच्ची के साथ रेप का मामला सामने आया है। महाकाल थाना इलाके में बड़नगर रोड पर दांडी आश्रम के पास बच्ची सोमवार शाम घायल हालत में मिली थी। उसके कपड़े खून से सने थे।

बच्ची आधे-अधूरे कपड़ों में सांवराखेड़ी सिंहस्थ बायपास की कॉलोनियों में ढाई घंटे तक भटकती रही। इसके CCTV फुटेज पुलिस ने खोजे हैं। वह पूरे आठ किलोमीटर चलती गई। उसके प्राइवेट पार्ट्स में गंभीर चोटें हैं। उसने पुलिस को बताया- उसकी मां के साथ भी गलत काम हुआ है, लेकिन उसकी मां कहां है और वह उज्जैन तक कैसे आई? इस बारे में कुछ भी नहीं बता पा रही है।

ज्यादा खून बह जाने के कारण बच्ची को इंदौर के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। वहां उसे खून चढ़ाया गया, बच्ची अब खतरे से बाहर है। डॉक्टरों ने रेप की पुष्टि की।

उज्जैन SP सचिन शर्मा ने बताया कि बच्ची शायद प्रयागराज (UP) की रहने वाली है। जांच के लिए SIT गठित की है। बच्ची ठीक से ज्यादा कुछ बता नहीं पा रही है कि घटना कहां हुई।

CCTV फुटेज में कई जगह दिखाई दी, ऑटो ड्राइवर हिरासत में
पुलिस ने जब CCTV फुटेज खंगाले तो उसमें एक ऑटो रिक्शा हाटकेश्वर मार्ग पर दिखाई दिया है, जिसमें एक व्यक्ति भी पीड़ित के साथ दिख रहा है। फुटेज की मदद से पुलिस ने मंगलवार रात को ऑटोवाले को खोज निकाला। हिरासत में लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।

तिरुपति ड्रीम्स में वृद्ध से बोली- मेरे पीछे कोई लगा है
CCTV फुटेज में बच्ची सोमवार सुबह 5 बजकर 52 मिनट पर तिरुपति ड्रीम्स कॉलोनी में हड़बड़ाती हुई पैदल जाती दिखी है। इस दौरान सुबह कॉलोनी के एक वृद्ध ने उससे पूछा भी कि क्या हुआ है तो वह इतना ही बोली कि कुछ लोग मेरे पीछे लगे हैं। इसके बाद वह रुकी नहीं, वह तेजी से चलती गई।

पुलिस संबंधित व्यक्ति तक भी पहुंची और बच्ची से हुई बातचीत के बारे में पता किया। इससे ये सामने आया कि वह दरिंदगी का शिकार होने के बाद जान बचाकर निकली और उसे समझ नहीं आ रहा था कि कहां जाए और किससे मदद मांगे। बस पैदल इस कॉलोनी से उस कॉलोनी चली जा रही थी।

महिला एक्सपर्ट की मदद से बच्ची की बोली समझी
SP शर्मा ने उत्तर प्रदेश निवासी महिला एक्सपर्ट की मदद से बच्ची की बोली समझी। इससे ये पता चल पाया कि वह उत्तर प्रदेश के प्रयागराज के एक गांव की हो सकती है। उसकी बोली इस इलाके के एक समुदाय की बोली है। मध्य प्रदेश पुलिस, उत्तर प्रदेश पुलिस से भी संपर्क कर परिवार का पता करने का प्रयास कर रही है।

पुलिस टीम 72 घंटे के CCTV फुटेज खंगाल रही है। इस दौरान बाईपास मार्ग से निकले भारी वाहनों की भी डिटेल निकलवाई जा रही है। इसमें हाटकेश्वर मार्ग के फुटेज में कुछ सुराग लगे हैं। लोगों के मूवमेंट पर भी काम हो रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी टीमें भी इसमें लगी हुई हैं। हर स्तर पर काम हो रहा है।

बच्ची ने एक व्यक्ति का चावल नाम बोला
उज्जैन SP सचिन शर्मा ने बताया कि शायद बायपास एरिया में बच्ची हैवानियत की शिकार हुई है। वह एक व्यक्ति का चावल नाम भी बोल रही है।

वीडी शर्मा बोले- दरिंदों को फांसी की सजा दी जाए
उज्जैन में बच्ची से रेप का मामला सामने आने पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा, इस प्रकार की घटना दुर्भाग्य से भी दुर्भाग्यजनक है। दरिंदों को फांसी की सजा मिलेगी। उन्हें किसी भी कीमत पर बक्शा नहीं जाएगा। कड़े से कड़े प्रावधान करेंगे, अपराधी कोई भी हो बच नहीं पाएगा। कमलनाथ ने कहा, MP मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है
पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा, ‘ऐसी जघन्य घटना प्रशासन और समाज के माथे पर कलंक है। मैं मुख्यमंत्री से जानना चाहता हूं कि क्या आप सिर्फ चुनाव ही लड़ते रहेंगे और झूठी घोषणाएं ही करते रहेंगे? मध्य प्रदेश मुख्यमंत्री के होते हुए भी मुख्यमंत्री विहीन हो चुका है। अपराधी निरंकुश हैं और जनता परेशान है। मैं मुख्यमंत्री से मांग करता हूं कि अपराधियों को सख्त से सख्त सजा दी जाए। पीड़िता को समुचित उपचार के साथ ही एक करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता दी जाए।’

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed