11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री करेंगे एम्स के ट्रॉमा रथ को रवाना
सड़क दुर्घटनाओं के दौरान होने वाली मृत्यु दर को कम करने के उद्देश्य से एम्स ऋषिकेश की ओर से बुधवार (कल) से वर्ल्ड ट्रॉमा सप्ताह का आयोजन किया जाएगा। सप्ताह भर जन जागरूकता के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले दिन मुख्यमंत्री ट्राॅमा रथ को रवाना करेंगे। जबकि 16 अक्टूबर को राज्यपाल कार्यक्रम को संबोधित करेंगे।
एम्स ऋषिकेश के ट्राॅमा विभाग की ओर से वर्ल्ड ट्राॅमा सप्ताह की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। बुधवार 11 अक्टूबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की ओर से एम्स के ट्राॅमा रथ को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना कर इसका उद्घाटन किया जाएगा। वर्ल्ड ट्राॅमा डे कार्यक्रम के आयोजन सचिव और एम्स के ट्राॅमा सर्जन डाॅ. मधुर उनियाल ने बताया कि 11 अक्टूबर को एम्स परिसर से सुबह छह बजे संस्थान की कार्यकारी निदेशक प्रो. मीनू सिंह ट्राॅमा रथ को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास के लिए रवाना करेंगी। उसी दिन सुबह मुख्यमंत्री धामी एम्स के ट्राॅमा रथ को राज्य के विभिन्न क्षेत्रों के लिए रवाना करेंगे। ट्रॉमा रथ के प्रभारी डॉ. मधुर उनियाल ने बताया कि सप्ताह भर चलने वाले अभियान के दौरान ट्रॉमा रथ में मौजूद ट्रॉमा विशेषज्ञ व डॉक्टर्स राज्य के विभिन्न स्कूल और अस्पतालों में पहुंचकर हेल्थ केयर वर्करों, छात्र-छात्राओं और आम लोगों को ट्रॉमा के प्रति जागरूक कर उन्हें आघात चिकित्सा का प्रशिक्षण देंगे। कार्यक्रम में जनजागरूकता के लिए नुक्कड़ नाटकों का आयोजन, सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम, क्विज प्रतियोगिताएं, स्कूल हेल्थ कार्यक्रम, एडवांस्ड ट्राॅमा लाइफ सपोर्ट कोर्स, रक्तदान कार्यक्रम, मास केजुवल्टी पर माॅक ड्रिल का आयोजन, ट्राॅमा साइकिल रैली औरफर्स्ट रिस्पांडर ट्रेनिंग कोर्स आदि कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा
