Sat. Aug 22nd, 2026

चेन्नई पहुंचे सीएम धामी, रोड शो के माध्यम निवेशकों को करेंगे आमंत्रित

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी वैश्विक निवेशक सम्मेलन के दृष्टिगत निवेशकों को आमंत्रित करने के लिए बुधवार शाम चेन्नई पहुंच गए। चेन्नई में गुरुवार को आयोजित रोड शो के माध्यम से पर्यटन व कृषि के साथ ही अन्य क्षेत्रों के लिए निवेशकों को आमंत्रित किया जाएगा। इसके बाद 28 अक्टूबर को मुख्यमंत्री मुंबई में रोड शो करेंगे। इसी दिन कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल व रेखा आर्या बेंगलुरु में सूचना प्रौद्योगिकी व डेयरी क्षेत्र में निवेश को लेकर निवेशकों के साथ बैठक करेंगे। प्रदेश में सात व आठ दिसंबर को वैश्विक निवेशक सम्मेलन का आयोजन प्रस्तावित है। इस निवेशक सम्मेलन में प्रदेश सरकार ने ढाई लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा है।

वैश्विक निवेशक सम्मेलन के प्रचार की कमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने संभाली हुई है। इस कड़ी में वह ब्रिटेन व संयुक्त अरब अमीरात का दौरा करने के साथ ही दिल्ली में रोड शो कर चुके हैं। सम्मेलन के लिए अभी तक लगभग 55 हजार करोड़ के करार हो चुके हैं।

अब प्रदेश सरकार देश के भीतर विभिन्न स्थानों पर रोड शो कर रही है। इस कड़ी में गुरुवार को चेन्नई में रोड शो आयोजित किया जा रहा है। इसमें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ ही पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज व सौरभ बहुगुणा भी हिस्सा ले रहे हैं। इस रोड शो में स्वास्थ्य, फार्मा व ऊर्जा सेक्टर पर फोकस किया जाएगा। इसके बाद बाद 28 अक्टूबर को मुंबई व एक नवंबर को अहमदाबाद में रोड शो रखा गया है।

सरकार ने अन्य मंत्रियों को भी निवेशक सम्मेलन की सफलता के लिए जिम्मेदारी सौंपी है। इस कड़ी में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल व रेखा आर्या 28 अक्टूबर को बेंगलुरु में निवेशकों के साथ बैठक करेंगे। उनके साथ सचिव डा बीवीआरसी पुरुषोत्तम और डा पंकज कुमार पांडेय भी मौजूद रहेंगे

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed