Fri. Nov 27th, 2026

बीसीसीआई की वन डे ट्रॉफी के लिए अंशिका, सोनम और प्रिशा का चयन

रेनबो क्रिकेट एकेडमी बाढ़वाला की तीन खिलाड़ियों का चयन बीसीसीआई की ओर से आयोजित होने वाली अंडर- 15 वूमेन वन डे ट्रॉफी के लिए उत्तराखंड टीम में हुआ है। अंशिका रावत, सोनम वर्मा व प्रिशा चौधरी छत्तीसगढ़ में 17 नवंबर से आयोजित होने जा रही प्रतियोगिता में प्रतिभाग करेंगी। वर्तमान में तीनों खिलाड़ी माम्स क्रिकेट एकेडमी हरिद्वार में टीम कैंप का हिस्सा हैं।

बाढ़वाला निवासी अंशिका रेनबो चिल्ड्रेन एकेडमी में कक्षा नौंवी की छात्रा है। वह लेग स्पिन गेंदबाज हैं। माध्यम कर्म की बल्लेबाज भी हैं। अंशिका बीते वर्ष भी अंडर-15 टीम का हिस्सा रह चुकी है। ग्राम नगउ तहसील चकराता निवासी सोनम वर्मा रेनबो चिल्ड्रेन एकेडमी में कक्षा पांचवीं की छात्रा है। वह विकेट कीपर बल्लेबाज हैं।

डाकपत्थर निवासी प्रिशा चौधरी सेपियंस स्कूल विकासनगर में कक्षा नौवीं की छात्रा है। प्रिशा ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। तीनों खिलाड़ी रेनबो क्रिकेट एकेडमी में कोच निशांत पंवार के निर्देशन में प्रशिक्षण ले रही हैं। कोच निशांत पंवार ने तीनों खिलाड़ियों को टूर्नामेंट में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। इससे पूर्व भी एकेडमी की दो खिलाड़ी जिज्ञासा तोमर, अंकिता शाह उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। रेनबो चिल्ड्रंस एकेडमी की प्रधानाचार्य आरती पंवार ने तीनों खिलाड़ियों को छात्रों के लिए प्रेरणा स्रोत बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed