विभागीय भर्ती से भरे जाएंगे प्रधानाचार्य के 50 % पद, कलस्टर स्कूलों की डीपीआर जमा करने निर्देश
शिक्षा मंत्री डाॅ. धन सिंह रावत ने प्रदेश में चयनित कलस्टर विद्यालयों की डीपीआर दो सप्ताह में निदेशालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। जिस जिले से समय पर उपलब्ध नहीं कराया जाएगा, उसे बजट नहीं दिया जाएगा। मंत्री ने यह भी कहा कि इंटर कालेजों में प्रधानाचार्य के 50 प्रतिशत पदों को विभागीय भर्ती और शेष पदों को पदोन्नति से भरा जाएगा। जबकि प्रधानाध्यापक के सभी पद पदोन्नति से भरे जाएंगे। विधानसभा स्थित सभाकक्ष में शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में मंत्री ने कहा कि सरकार ने शासन, प्रशासन के अधिकारियों को हर जिले में जाकर विकासखंडवार विद्यालयों की समीक्षा कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए हैं। मंत्री ने कहा कि रिपोर्ट की समीक्षा वह खुद करेंगे। आगामी सत्र से शिक्षक संगठनों के चुनाव पूरे प्रदेश में एक ही दिन कराए जाएंगे। जिसमें शत-प्रतिशत शिक्षक हिस्सा लेंगे। इसके लिए शिक्षक संगठनों के संविधान में संशोधन का प्रस्ताव मांगा गया है।
