Thu. Nov 26th, 2026

उत्तराखंड को 2025 तक नशा मुक्त बनाना है सीएम धामी का लक्ष्य, रिहैबिलिटेशन सेंटर में चल रहा है काम

देहरादून। उत्तराखंड में नशा तस्करी को रोकने और नशे के तंत्र को ध्वस्त करने के लिए सरकार गंभीरता से प्रयास कर रही है। नशा केवल एक व्यक्ति को ही नहीं बल्कि उसके परिवार और सामाजिक परिवेश को हानि पहुंचाता है। यह बातें मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने एक कार्यक्रम में कहीं।

सीएम धामी ने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड को वर्ष 2025 तक ड्रग्स फ्री बनाने का लक्ष्य रखा गया है, इस अभियान को सबको मिलकर सफल बनाना है। खासकर युवाओं के जागरूक होने से ही नशे के विरुद्ध जंग जीती जा सकती है।

सीएम धामी ने कहा कि राज्य में जहां एक ओर आमजन और विशेषकर युवाओं में नशे के विरुद्ध जागरूकता लाई जा रही है, वहीं नशा तस्करी से जुड़े अपराधियों पर कड़ी करवाई की जा रही है। इस वर्ष अभी तक एनडीपीएस एक्ट के तहत करीब 600 मुकदमे पंजीकृत हो चुके हैं, जिनमें करीब साढ़े सात सौ आरोपित सलाखों के पीछे भेजे जा चुके हैं। मादक पदार्थों की तस्करी रोकने और नशे के कारोबार पर प्रभावी कार्रवाई के लिए वर्ष 2022 में त्रिस्तरीय एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स का गठन किया गया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि नशा ग्रस्त व्यक्तियों को मुख्यधारा से जोड़ने व पुनर्वास के लिए प्रदेश के समस्त जनपदों में नशा मुक्ति केंद्रों को प्रभावी बनाया जा रहा है। वर्तमान में चार इंटीग्रेटेड रिहैबिलिटेशन सेंटर फॉर एडिक्ट्स संचालित किए जा रहे हैं। राज्य सरकार की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों और विशेषकर युवाओं में नशे के दुष्परिणामों को लेकर अभियान चलाया जा रहा है।

मुख्यमंत्री धामी ने नशे के विरुद्ध जन जागरूकता लाने के लिए तीलू रौतेली पुरस्कार प्राप्त संस्था आदर्श औद्योगिक स्वायत्तता सहकारिता के प्रयासों की सराहना की। संस्था की अध्यक्ष व कार्यक्रम संयोजक आशा कोठारी ने मुख्यमंत्री धामी का आभार व्यक्त किया और संस्था के सचिव हरीश कोठारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से छुड़ाने के लिए एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी का दायरा बढ़ाया जाएगा। अल्मोड़ा, उत्तरकाशी, पौड़ी और चंपावत में अधिक बेड के एडिक्शन ट्रीटमेंट फैसिलिटी स्थापित किए जाएंगे। प्रदेश में ऋषिकेश एम्स में भी 10 बेड का फैसिलिटी सेंटर चल रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed