Sat. May 30th, 2026

सूर्यकुमार के टी20 में दो हजार रन पूरे; कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की, राहुल और धोनी को छोड़ा पीछे

सूर्यकुमार यादव ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टी20 मैचों की सीरीज के दूसरे मुकाबले में शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने मंगलवार (12 दिसंबर) को गकेबराह के सेंट जॉर्ज पार्क में 56 रन बनाए। सूर्यकुमार ने 36 गेंद की पारी में पांच चौके और तीन छक्के लगाए। उन्होंने 155.56 की स्ट्राइक रेट से रन बनाए। सूर्या ने अपनी पारी के दौरान कई रिकॉर्ड बनाए। उन्होंने दक्षिण अफ्रीका में बतौर कप्तान टी20 में भारत के लिए सबसे बड़ी पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका में बतौर कप्तान टी20 में सबसे ज्यादा रन की पारी खेलने का रिकॉर्ड महेंद्र सिंह धोनी के नाम दर्ज था। धोनी ने 2007 में 45 रन बनाए थे। इस सीरीज में कप्तानी कर रहे सूर्यकुमार ने उनके रिकॉर्ड को तोड़ दिया। सूर्या ने अपनी पारी के दौरान टी20 में दो हजार रन भी पूरे कर लिए। वह सबसे कम पारियों में दो हजार रन बनाने के मामले में विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। दोनों ने 56-56 पारियों में ऐसा किया। इस मामले में उन्होंने केएल राहुल को पीछे छोड़ दिया। राहुल ने 58 पारियों में अपने दो हजार रन पूरे किए थे।

टी20 में सबसे कम पारियों में दो हजार रन बनाने वाले बल्लेबाज

बल्लेबाज़ देश पारी
बाबर आजम पाकिस्तान 52
मोहम्मद रिजवान पाकिस्तान 52
विराट कोहली भारत 56
सूर्यकुमार यादव भारत 56
केएल राहुल भारत 58
टी20 में भारत के लिए दो हजार रन बनाने वाले सूर्यकुमार यादव चौथे बल्लेबाज बन गए। इस मामले में शीर्ष पर विराट हैं। उन्होंने 107 पारियों में 4008 रन बनाए हैं। दूसरे स्थान पर नियमित कप्तान रोहित शर्मा हैं। उन्होंने 140 पारियों में 3853 रन बनाए हैं। केएल राहुल ने 68 पारियों में 2256 रन बनाए हैं। सूर्यकुमार के 56 पारियों में 2041 रन हो गए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed