Wed. Nov 18th, 2026

तहसील प्रशासन ने किया महिला छात्रावास की भूमि का सर्वे

तहसील प्रशासन ने एसडीएस विवि ऋषिकेश परिसर के महिला छात्रावास की भूमि का निरीक्षण कर नापजोख की है। परिसर प्रशासन ने उक्त भूमि पर अवैध कब्जे की शिकायत तहसील प्रशासन से की थी। श्रीदेव सुमन विवि के ऋषिकेश परिसर का कोयल घाटी में महिला छात्रावास है। इसे वर्ष 2019-20 में करीब 50 लाख की लागत से बनाया गया था। लेकिन निर्माण के बाद किसी महिला ने उक्त भूमि को अपना बता कर छात्रावास भवन पर ताला लगा दिया था। जिससे ऋषिकेश परिसर की छात्राओं को छात्रावास का लाभ नहीं मिल पा रहा था।

परिसर प्रशासन ने अवैध कब्जे की शिकायत तहसील व पुलिस प्रशासन से की थी। लेकिन काफी समय बाद भी दोनों विभागों की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई। मीडिया में खबर प्रकाशित होने पर तहसील प्रशासन हरकत में आया। तहसील प्रशासन ने उक्त भूमि का निरीक्षण कर सर्वे किया है। एसडीएम योगेश मेहरा ने बताया कि भूमि का सर्वे किया गया है। जिस महिला ने भूमि पर दावा किया है उसे दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए 10 दिन का समय दिया गया है। उसके बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *