Wed. Nov 25th, 2026

पहली बार मैट पर खेलेंगे प्रदेश के खो-खो खिलाड़ी

हल्द्वानी। कबड्डी, जूडो जैसे इंडोर खेलों के बाद अब खो-खो का खेल भी मैट पर खेला जाएगा। प्रदेश में पहली बार खो-खो की प्रतियोगिता मैट पर आयोजित कराने की तैयारी की जा रही है। खिलाड़ियों को जूते भी आयोजकों की ओर से दिए जाएंगे। गौलापार स्थित इंदिरा गांधी अंतराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कांप्लेक्स परिसर में 21 से 24 दिसंबर तक खेल विभाग और खो-खो फेडरेशन की ओर से राज्यस्तरीय खो-खो प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। इसके लिए सभी जिलों से टीमों को बुलाया गया है। इस बार यह प्रतियोगिता मिट्टी के मैदान पर नहीं होगी। खेल विभाग के खो-खो प्रशिक्षक राजेंद्र सिंह नेगी ने बताया कि राष्ट्रीय स्तर पर खो-खो प्रतियोगिता भी अब मैट पर भी आयोजित हो रही हैं इसलिए यह प्रयोग यहां भी किया जा रहा है। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ियों का गौलापार स्टेडियम में ही जनवरी में विशेष कैंप लगाया जाएगा, ताकि राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए उन्हें तैयार किया जा सके।

21 और 22 दिसंबर को महिला ओपन और 23 और 24 को पुरुष ओपन वर्ग की प्रतियोगिता आयोजित होगी।
चुनौती भी हैं

मिट्टी के मैदान में खेलकर जिलों की टीम में शामिल होने वाले खिलाड़ियों के लिए मैट पर खेलना और बैलेंस बनाए रखना चुनौती भरा हो सकता है। इससे उनके प्रदर्शन पर भी असर पड़ सकता है। इस बारे में राजेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि मैट पर खेलने में किसी तरह की परेशानी न हो इसके लिए सभी खिलाड़ियों को फेडरेशन की ओर से जूते भी दिए जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed