Sun. Jun 21st, 2026

आज बदलेगा मौसम, पर्वतीय जिलों में बारिश व बर्फबारी के आसार

मौसम के बदले पैर्टन के चलते प्रदेश भर में विंटर बारिश के आंकड़ों में कमी दर्ज की जा रही है। यही वजह है कि दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर देखने को मिल रहा है। लेकिन आज (शुक्रवार) प्रदेश के पर्वतीय जिलों में बारिश व बर्फबारी होने की संभावना है। बारिश व बर्फबारी का असर राज्य भर में दिन के तापमान में भी देखने को मिलेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 22 दिसंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली जिले के कुछ हिस्सों के साथ तीन हजार मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश व बर्फबारी के आसार हैं। हालांकि प्रदेश के अन्य जिलों में मौसम शुष्क रहेगा। दिसंबर में अभी तक दिन के तापमान में सामान्य से एक-दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। बृहस्पतिवार को भी देहरादून का अधिकतम तापमान 25.1 डिग्री रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है। जबकि रात का न्यूनतम तापमान 6.2 रहा, जो सामान्य से एक डिग्री कम है। ऐसे में पर्वतीय जिलों में होने वाली बारिश व बर्फबारी का असर मैदानी इलाकों के दिन के तापमान पर देखने को मिलेगा। 22 दिसंबर को दून का अधिकतम तापमान 25 व न्यूनतम तापमान सात डिग्री रहने के आसार हैं।
क्रिसमस के मौके पर प्रदेश भर का मौसम साफ रहेगा। मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 24 व 25 दिसंबर को प्रदेश भर में मौसम शुष्क रहेगा। उधर बारिश के आंकड़ों पर नजर डाले तो इस महीने अभी तक 4.4 एमएम बारिश हुई है, जो सामान्य से 50 फीसदी कम है।I

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *