लंबे इंतजार के बाद इंद्रदेव मसूरी पर मेहरबान हुए। बृहस्पतिवार की सुबह बारिश के बाद हिमपात हुआ, जिससे पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों के चेहरे खिल उठे। बारिश, बर्फबारी के बाद शहर में शीतलहर का प्रकोप भी बढ़ गया। वहीं सूचना लगते ही बड़ी संख्या में लोग बर्फ देखने मसूरी के साथ ही धनोल्टी, बुरांशखंडा पहुंच गए। बर्फबारी के बीच पर्यटक डांस और मस्ती करते नजर आए। पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार को देर रात बारिश के साथ जमकर ओले पड़े। बृहस्पतिवार सुबह शहर में मौसम ने करवट ली और शहर में बर्फबारी शुरू हो गई। सुबह से लेकर दोपहर तक रुक-रुककर बारिश और बर्फबारी होने से शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया।
मसूरी के साथ ही नागटिब्बा की पहाड़ी भी बर्फ से सफेद हो गई। हालांकि मसूरी में बर्फ ज्यादा देर तक टिक नही पाई। पर्यटक स्थल बुरांशखंडा, धनोल्टी में जमकर हिमपात होने से पर्यटन व्यवसाय से जुड़े लोगों और सैलानियों चेहरे खिल उठे। बुरांशखंडा में सैलानियों ने बर्फ के साथ जमकर मस्ती की। बर्फ के गोले बनाकर एक दूसरे पर फेंके। साथ ही गाड़ी में डीजे लगाकर आसमान से गिरती बर्फ के साथ डांस और मस्ती की। पर्यटक बोले- बर्फ गिरते देखने का सपना हुआ पूरा
मेरठ से आए बग्गा गुर्जर ने कहा कि हिमपात को गिरते देखा तो बड़ा आनंद आया। उम्मीद नही थी कि उनको मसूरी और बुरांशखंडा में बर्फ गिरते दिखाई देगी। बर्फ गिरते देखने का सपना पूरा हुआ। मेरठ के सैलानी नितिन ठाकुर ने कहा कि जीवन में पहली बार बुरांशखंडा में बर्फ को गिरते देखा और दोस्तों के साथ बर्फ के साथ जमकर मस्ती की। दिल्ली से आई छात्रा श्रेया और नेहा ने कहा कि पहली बार बर्फ गिरते देखी है। बर्फ का अद्भुत नजारा देखकर आनंद आया बर्फबारी के बाद बिजली व्यवस्था चरमराई
शहर में पहली बर्फबारी के बाद बिजली व्यवस्था चरमरा गई। कई हिस्सों में घंटों विद्युत आपूर्ति बाधित रही। क्यारकुली के नाग मंदिर के कुछ क्षेत्र में 18 घंटे बाद बिजली आपूर्ति बहाल हुई। वहीं कैमल बैक, कुलड़ी के कुछ हिस्सों सहित पर्यटक स्थल बुरांशखंडा में बार-बार बिजली व्यवस्था बाधित हुई। कड़ाके की सर्दी में लोगों को परेशानी से जूझना पड़ा। शिकायत मिलने पर उर्जा निगम की टीम हरकत में आई और उसके बाद ही आपूर्ति बहाल हो पाई। उर्जा निगम के एसडीओ पंकज थपलियाल ने बताया कि कुछ स्थानों पर बिजली आपूर्ति बाधित रही। ऊर्जा निगम के कर्मचारी अलर्ट मोड पर हैं।
शहर में भारी बारिश या बर्फ पड़ती है तो उससे निपटने के लिए प्रशासनिक स्तर से तैयारी पूरी है। ठंड से बचने के लिए शहर में अलाव की व्यवस्था की गई है। भारी बर्फबारी होने पर एनएच और लोनिवि की जेसीबी मशीन भी तैयार है। किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयारी पूरी की गई है। – डॉ. दीपक सैनी, एसडीएमI