Mon. Jun 15th, 2026

बर्फ की कमी के कारण राज्यस्तरीय आइस स्कीइंग कोर्स रद्द

उत्तरकाशी। इस वर्ष जनपद में हुई कम बर्फबारी का असर राज्यस्तरीय साहसिक खेलों पर भी पड़ रहा है। पर्यटन विभाग और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की ओर से संयुक्त रूप से होने वाला राज्यस्तरीय आइस स्कीइंग कोर्स इस वर्ष निरस्त हो गया है, जिससे साहसिक खेलों से जुड़े खिलाड़ियों को निराश होना पड़ा है। पर्यटन विभाग और नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की ओर से हर वर्ष हर्षिल घाटी के छोलमी गांव में आइस स्कीइंग कोर्स का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष भी कोर्स का आयोजन होना था, लेकिन मौसम की बेरुखी के कारण पर्यटन विभाग को यह कोर्स निरस्त करना पड़ा है। कोर्स के लिए प्रदेश के 13 जनपदों से 60 खिलाड़ियों का चयन हुआ है, लेकिन कम बर्फबारी होने के कारण इस कोर्स को निरस्त करना पड़ा है। साहसिक खेलों से जुड़े राजेंद्र सिंह नेगी का कहना है कि आइस स्कीइंग के लिए जहां पर स्लोप होता है, वहां पर तीन फीट से ऊपर बर्फ होनी चाहिए। लेकिन इस वर्ष हर्षिल घाटी में मात्र दो से ढाई फीट बर्फबारी हुई है। जलवायु परिवर्तन के कारण बर्फबारी कम होने के कारण प्रदेश और जनपद में साहसिक खेलों पर बुरा असर पड़ रहा है। जिला साहसिक खेल अधिकारी मोहम्मद अली खान ने बताया कि नेहरू पर्वतारोहण संस्थान की ओर से बताया गया कि आइस स्कीइंग के लिए इस वर्ष पर्याप्त बर्फ नहीं है। इसलिए राज्य स्तरीय आइस स्कीइंग कोर्स को इस वर्ष निरस्त करना पड़ा। उत्तरकाशी जनपद से इस वर्ष छह युवा इसमें प्रतिभाग करने वाले थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *