Sun. Jul 12th, 2026

बजट सत्र से पहले आज होगी मंत्रिमंडल की बैठक, कंप्यूटर शिक्षकों की समस्या पर रहेगा जोर

शिमला। बजट सत्र से पहले हो रही मंत्रिमंडल की बैठक में राज्यपाल के अभिभाषण को मंजूरी दी जाएगी। शुक्रवार को दोपहर बारह बजे सचिवालय के शिखर सम्मेलन कक्ष में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू की अध्यक्षता में आयोजित होने वाली मंत्रिमंडल बैठक में एसएमसी व कंप्यूटर शिक्षकों की समस्या का समाधान होने की संभावना है।

इसके अतिरिक्त मेडिकल डिवाइस पार्क को लेकर मंत्रिमंडलीय बैठक में निर्णय लिया जा सकता है। बजट सत्र के दौरान लाए जाने वाले विधेयकों के संबंध में भी चर्चा होने की संभावना है। इसके अतिरिक्त जूनियर ऑफिस असिस्टेंट पोस्ट कोड-817 के संबंध में भी बैठक में कोई सार्थक निर्णय लिया जा सकता है। विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पड़े पदों को भरने के संबंध में भी निर्णय लिया जा सकता है। बजट सत्र के तुरंत बाद लोकसभा चुनाव घोषित होने की पूरी संभावना है, ऐसे में सरकार विभागों में पद भरने का निर्णय ले सकती है।

बता दें कि हिमाचल विधानसभा का बजट सत्र  14 फरवरी से होगा और यह सत्र 29 फरवरी तक चलेगा। सेशन के दौरान कुल 13 बैठकें होंगी। इस बीच दो दिन गैर सरकारी कार्य दिवस होगा। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू 17 फरवरी को अपने मौजूदा कार्यकाल का दूसरा बजट पेश करेंगे। बजट सत्र का आगाज राज्यपाल के अभिभाषण के साथ होगा। आज बैठक में इसी अभिभाषण को मंजूरी दी जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *