Tue. Nov 24th, 2026

पंचायतों को सुदृढ़, विकसित और स्वायत्तशासी सरकार बनाना जरूरी : महाराज

रुद्रपुर। पंचायतीराज मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि पंचायतीराज विभाग पंचायतों को सुदृढ़, विकसित व स्वायत्तशासी सरकार बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं, कार्यक्रमों एवं गतिविधियों का संचालन कर रहा है। उन्होंने कहा कि पंचायतों को मजबूत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। ग्राम स्तर पर स्थानीय समस्याओं के समाधान, विकास का नियोजन, प्रबंधन व उनका क्रियान्वयन करने के उद्देश्य से 73वें संविधान संशोधन के जरिये पंचायतीराज संस्थाओं को संवैधानिक दर्जा दिया गया है। पंचायतीराज मंत्री ने यह बात शुक्रवार को यहां राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के तहत गांधी पार्क में आयोजित कुमाऊं मंडल के त्रिस्तरीय पंचायत प्रतिनिधियों व कार्मिकों की दो दिनी कार्यशाला में कही। उन्होंने कार्यशाला का दीप जलाकर शुभारंभ किया। कहा कि 73वें संविधान संशोधन की ओर से एक सुनियोजित पंचायतीराज व्यवस्था स्थापित की गई। कैबिनेट मंत्री महाराज ने कहा कि पंचायतों के विकास और सशक्तीकरण के लिए 15 वें वित्त आयोग से प्रदेश को अब तक टाइट फंड से 933 करोड़ की राशि प्राप्त हुई है। उन्होंने कहा प्रदेश में बढ़ते प्लास्टिक वेस्ट के प्रबंधन के लिए 95 विकास खंडों में 85 कॉम्पैक्टर्स बनाए हैं। इनमें से अधिकतर ने काम सुचारू रूप से शुरू कर दिया है।डीपीआरओ मास्टर ट्रेनर पूनम पाठक ने पंचायत विकास सूचकांक (पीडीआई) आदि विषयों की जानकारी दी। पंचायतीराज मंत्रालय के परामर्शदाता मोहित गुप्ता ने ई-पंचायत एप्लीकेशंस व उनके कार्यों, पूर्व वन संरक्षण अधिकारी कीर्ति सिंह, पूर्व निदेशक विश्वेश्वरैया, वाटर एकेडमी रांची अजीत कुमार ने भी विभिन्न विषयों पर जानकारी दी। वहां जिपं अध्यक्ष रेनू गंगवार, विधायक शिव अरोरा, संयुक्त निदेशक राजीव कुमार नाथ त्रिपाठी, जिला पंचायतराज अधिकारी गौरव पांडेय, अपर मुख्य अधिकारी तेज सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, ग्राम प्रधान संगठन के प्रदेश अध्यक्ष भास्कर संभल, अमित नारंग, जगदीश विश्वास आदि थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed