Fri. Aug 14th, 2026

साढ़े सत्रह लाख लोगों का बिजली बिल जीरो, CM सुक्खू बोले- हिमाचल में तेजी से लग रहे स्मार्ट मीटर

 शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि हिमाचल में 2021 के बाद 29 लाख बिजली के मीटर हो चुके हैं, जबकि प्रदेश में परिवार 19 लाख हैं। एकाएक इतने अधिक घरेलू कनेक्शन क्यों बढ़ गए, यह देखना होगा और ठोस कदम उठाना होगा। 17.50 लाख मीटर ऐसे लगे हैं, जिनका शून्य बिल आता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में बिजली की कोई चोरी नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में 90395 लोगों ने नए मीटर लगाने के लिए आवेदन किया है। पहली अप्रैल, 2023 से 12 फरवरी तक ये आवेदन आए हैं। इनमें 42177 लोगों के आवेदन लंबित हैं। मीटर की कमी के कारण अभी कनेक्शन नहीं लगे हैं। एक सप्ताह के भीतर प्रदेश के सभी विद्युत उपमंडलों में नए मीटर पहुंच जाएंगे।

विधायक राजेंद्र राणा, डॉ. जनकराज व विनोद कुमार के सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने यह जानकारी सदन में दी। उन्होंने कहा कि आदेश जारी कर दिए हैं। बिजली बोर्ड ने वित्त वर्ष 2023-24 में 27,568 लोहे के खंभे, 85,505 बिजली मीटर, 2343 किलोमीटर लंबी सर्विस तार, 915 ट्रांसफार्मर व 3111 कंडक्टर खरीदे हैं।

2024-25 के लिए सामग्री क्रय करने के लिए निविदाएं प्रक्रिया में हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार की ओर से 3701 करोड़ रुपये का प्रोजेक्ट हिमाचल को स्वीकृत किया गया था। इसके तहत स्मार्ट मीटर लगाए जाने प्रस्तावित हैं। इसकी टेंडर प्रक्रिया अंतिम चरण में है।

बिजली बोर्ड की स्टाफ की कमी होगी दूर

बोर्ड में छह हजार पद भरेंगे मुख्यमंत्री ने कहा कि बिजली बोर्ड में स्टाफ की कमी को दूर किया जाएगा। बोर्ड में छह हजार पद भरे जा रहे हैं। आउटसोर्स व मल्टीपर्पज वर्कर की भर्ती भी की जाएगी। कठिन भौगोलिक परिस्थिति वाले स्थानों में ट्रांसफार्मर उपलब्ध करवाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed