Mon. May 11th, 2026

बीसीसीआई के वार्षिक अनुबंध से अय्यर-किशन बाहर, सिराज-गिल को इनाम, रिंकू को भी मिली जगह

बीसीसीआई ने वार्षिक अनुबंध की सूची जारी कर दी है। सीजन 2023-24 के लिए जारी की गई इस लिस्ट में श्रेयस अय्यर और ईशान किशन का नाम नहीं है। दोनों खिलाड़ियों ने घरेलू क्रिकेट में हिस्सा नहीं लिया था। इस कारण बोर्ड नाराज था। उसका असर अनुबंध सूची में देखने को मिला। बीसीसीआई ने अपने बयान में कहा कि अय्यर और ईशान को वार्षिक अनुबंध नहीं दिया गया है। उत्तर प्रदेश के बाएं हाथ के बल्लेबाज रिंकू सिंह को ग्रेड-सी में जगह मिली है। ए प्लस ग्रेड में कप्तान रोहित शर्मा के अलावा विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा हैं। बीसीसीआई ने इस साल 30 खिलाड़ियों को अनुबंध दिया है। यह एक अक्तूबर 2023 से 30 सितंबर 2024 तक के लिए है। बोर्ड ने इस बार एक नई परंपरा जारी की है। उसने तेज गेंदबाजी अनुबंध भी अलग से दिया है। इस लिस्ट में आकाश दीप, विजयकुमार वैश्यक, उमरान मलिक, यश दयाल और विद्वथ कावेरप्पा शामिल हैं।

ग्रेड ए+: रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह और रवींद्र जडेजा।

ग्रेड ए: रविचंद्रन अश्विन, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल और हार्दिक पांड्या।

ग्रेड बी: सूर्यकुमार यादव, ऋषभ पंत, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल और यशस्वी जायसवाल।

ग्रेड सी: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, शार्दुल ठाकुर, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जितेश शर्मा, वॉशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, केएस भरत, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान और रजत पाटीदार।

ग्रेड ए प्लस में शामिल खिलाड़ियों को सालाना सात करोड़ रुपये मिलते हैं। ए ग्रेड में पांच और बी ग्रेड में तीन करोड़ रुपये मिलते हैं। सबसे निचले सी ग्रेड में शामिल किए गए खिलाड़ियों को एक-एक करोड़ रुपये दिए जाते हैं।

बीसीसीआई ने अपने बयान में क्या कहा?
इसके अलावा जो खिलाड़ी इस अवधि के भीतर न्यूनतम तीन टेस्ट या आठ वनडे या 10 टी20 खेलने के मानदंडों को पूरा करते हैं, उन्हें स्वचालित रूप से आनुपातिक आधार पर ग्रेड सी में शामिल किया जाएगा। उदाहरण के लिए- ध्रुव जुरेल और सरफराज खान ने अब तक दो टेस्ट मैच खेले हैं, अगर इंग्लैंड के खिलाफ चल रही सीरीज के पांचवें टेस्ट में भाग लेते हैं, तो उन्हें ग्रेड सी में शामिल किया जाएगा। बीसीसीआई ने सिफारिश की है कि सभी एथलीट उस अवधि के दौरान घरेलू क्रिकेट में भाग लेने को प्राथमिकता दें जब वे राष्ट्रीय टीम का प्रतिनिधित्व नहीं कर रहे हों।

राहुल, शुभमन गिल और सिराज को ग्रेड ए में पदोन्नत किया गया है। जबकि सड़क दुर्घटना के कारण एक साल से ज्यादा समय से नहीं खेलने वाले ऋषभ पंत को ग्रेड बी में जगह मिली है। अक्षर पटेल पिछले सीजन में ग्रेड ए में थे। इस बार उन्हें ग्रेड बी में रखा गया। हार्दिक, अश्विन और सिराज को ग्रेड ए में बरकरार रखा गया है। रोहित, कोहली, बुमराह और जडेजा पहले भी ग्रेड ए प्लस में थे। अजिंक्य रहाणे, चेतेश्वर पुजारा, उमेश यादव, शिखर धवन, दीपक हुड्डा और युजवेंद्र चहल भी लिस्ट में जगह नहीं बना पाए। कुलदीप यादव को सी से बी ग्रेड में पदोन्नत किया गया है। यशस्वी जायसवाल को पहली बार कॉन्ट्रैक्ट मिला है और वह सीधे बी ग्रेड में शामिल हुए हैं। सूर्यकुमार बी ग्रेड में इकलौते ऐसे खिलाड़ी हैं जो पिछली बार भी इसी ग्रेड में थे।

सी ग्रेड में 10 नए खिलाड़ी
पिछली बार सी ग्रेड में 11 खिलाड़ियों को जगह मिली थी। इस बार संख्या बढ़ाकर 15 कर दी गई है। 10 खिलाड़ियों को पहली बार जगह मिली है। रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, जितेश शर्मा, मुकेश कुमार, प्रसिद्ध कृष्णा, आवेश खान और रजत पाटीदार इनमें शामिल हैं। शार्दुल ठाकुर, वॉशिंगटन सुंदर, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह और केएस भरत सी ग्रेड में अपनी जगह बचाने में कामयाब रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed