Thu. Nov 26th, 2026

ग्राम सादकपुर में घर में घुसे तेंदुए को बच्चों ने किया कैद

जसपुर। पानी और शिकार की तलाश में एक तेंदुआ आबादी क्षेत्र में आकर एक ग्रामीण के घर में घुस गया। घर में मौजूद बच्चों ने तेंदुए को कैद कर लिया। तेंदुआ कैद होने की सूचना मिलते ही आसपास गांव के ग्रामीण भी घटनास्थल पर पहुंच गए। वन विभाग की टीम तेंदुए को रेस्क्यू कर अपने साथ ले गई।
घटना प्रदेश की सीमा से सटे गांव सादकपुर थाना रेहड़ यूपी की है। बुधवार दोपहर सादकपुर गांव निवासी अली हसन के घर एक तेंदुआ घुस गया। घर में तेंदुए को देखकर शोर मचाने पर तेंदुआ दीवार पार कर पड़ोसी साबिर हुसैन के घर में जा घुसा। उस समय साबिर अपनी पत्नी के साथ अपने खेत पर थे। उसके बच्चे आतिफा और अहतेशाम पड़ोसी नासिर की बेटी अजूबी के साथ बरामदे में खेल रहे थे। घर में तेंदुए को देखकर तीनों बच्चे डर गए। उन्होंने सूझबूझ का परिचय देते हुए घर से बाहर आकर मेन गेट बंद कर दिया। प्रधान पति मो. अय्याज ने मामले की सूचना वन विभाग और और थाना पुलिस को दी। घटनास्थल पर रेस्क्यू टीम ने कई घंटे की मेहनत के बाद तेंदुए को जाल से रेस्क्यू किया। रेंज अधिकारी प्रदीप शर्मा ने बताया कि तेंदुआ वयस्क नहीं हैं। चिकित्सीय परीक्षण के लिए उसे केहरीपुर वन चौकी लाया गया है। उच्चाधिकारियों के बताए गए स्थान पर छोड़ा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed