Wed. May 8th, 2024

जयपुर में बिना परमिशन हुए निर्माण को ध्वस्त करेगा निगम:5 साल से पुराने प्लॉट मालिकों को जारी होंगे नोटिस

जयपुर के रामगंज इलाके में निर्माणाधीन इमारत गिरने के बाद अब नगर निगम प्रशासन एक्शन मोड में आ गया है। शुक्रवार को निगम आयुक्त अभिषेक सुराना ने निगम के सभी जोन उपायुक्त को अपने अपने जोन में हो रहे अवैध निर्माण का सर्वे कर रिपोर्ट मांगी है।

सुराणा ने कहा कि हेरिटेज नगर निगम क्षेत्र में जिसने भी नियमों के विपरीत निर्माण किया है। उसे नोटिस जारी किया जाएगा। इसके साथ ही जिन लोगों ने नोटिस जारी होने के बावजूद अवैध निर्माण किया है। उनके निर्माण को जल्द ही ध्वस्त किया जाएगा। ताकि भविष्य में कोई भी व्यक्ति बिना परमिशन नियमों के विपरीत अवैध निर्माण नहीं करें।

दरअसल, शुक्रवार को नगर निगम हेरिटेज के आयुक्त अभिषेक सुराणा ने निगम अधिकारियों की रिव्यू बैठक बुलाई थी। जिसमें स्वच्छता सर्वेक्षण और नगर निगम के कामकाज को लेकर चर्चा होनी थी। जिसमें सुराणा ने शहर में खाली प्लॉट में फैली गंदगी को लेकर नाराजगी जाहिर की।

उन्होंने कहा कि कचरा डिपो हटाने के बाद अब शहर में कई इलाकों में खाली प्लॉट में गंदगी का अंबार लग रहा है। ऐसे में जिन भी लोगों के पिछले 5 साल या उस से ज्यादा वक्त से प्लाट खाली है। उन्हें नोटिस जारी किया कर जल्द निर्माण करने के निर्देश दिए जाएंगे। ऐसा नहीं करने पर संबंधित विभाग को पत्र लिखे उनके अलॉटमेंट को निरस्त करने की मांग भी की जाएगी।

इस दौरान बैठक में सुराणा ने बारिश से पहले शहर में नाला सफाई करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस बार बड़े नाले गहराई में जाकर अत्याधुनिक मशीनों से नाला सफाई करें। जिससे की मानसून में बारिश के दौरान सड़कों पर पानी इकट्ठा होने से आम जनता को परेशानी ना हो।

इसके साथ ही उन्होंने शहर में 172 जगह से कचरा डिपो हटाने पर नगर निगम कर्मचारियों की हौसला अफजाई की। उन्होंने कहा कि अब वार्ड की एक गली को साफ और स्वच्छ बनाने वाले नगर निगम के कर्मचारियों को भी सम्मानित किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *