Sun. Jul 12th, 2026

अटल टनल के नॉर्थ पोर्टल में हिमखंड गिरने रुका चंद्रा नदी का बहाव, सिस्सू में भूस्खलन के चलते मार्ग बंद

मनाली। अटल टनल के नार्थ पोर्टल में मंगलवार सुबह हिमखंड गिरने से चंद्रा नदी का बहाव एक घंटे तक रुका रहा। इस जगह गत दिनों भी हिमखंड गिरने से नदी का बहाव रुक गया था। लाहुल स्पीति में हिमपात के बाद हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। ग्रामीण क्षेत्रों में हालांकि आधा फीट के लगभग हिमपात हुआ है लेकिन पहाड़ियों में एक से डेढ़ फीट बर्फ की मोटी परत बिछी है। हिमस्खलन वाले अधिकतर क्षेत्रों में अभी सड़क न खुलने से आवाजाही शुरू नहीं हुई है लेकिन घाटी के अधिकतर नालों में हिमस्खलन की आशंका बढ़ गई है। कोकसर से लेकर पांगी तक जगह-जगह हिमस्खलन हुआ है। सोमवार को भारी हिमपात के चलते रोहतांग, शिंकुला, कुंजम व बारालाचा में बर्फ के ढेर लग गए हैं। इस कारण शिंकुला व बारालाचा दर्रों में वाहनों की आवाजाही में देरी होगी। दूसरी ओर सिस्सू में भू स्खलन होने से मार्ग बार-बार बंद हो रहा है। यहां बाया नर्सरी वाहनों को भेजे जा रहा है। बीआरओ ने हालांकि सड़क बहाल कर दी है लेकिन पहाड़ी से पत्थर व मलबा आने की आशंका लगातार बनी हुई है। सिस्सू चौकी प्रभारी सीता राम ने बताया कि लगातार हुए हिमपात व बारिश से सिस्सू के पास भूस्खलन हो रहा है। उन्होंने बताया कि हालांकि इस प्वाइंट पर बाई वास मार्ग है इस कारण दिक्कत नहीं है। बीआरओ ने सड़क बहाल कर दी है। दिन के समय इस मार्ग को वाहनों के लिए खोल दिया है लेकिन रात को खतरा होने के चलते बाई पास ही वाहन भेजे जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *