Mon. Jul 13th, 2026

चारधाम यात्रा मार्गों पर तैनात होंगे प्रशिक्षित चिकित्सक

चारधाम यात्रा मार्गों पर प्रशिक्षित चिकित्सकों की तैनाती की जाएगी। जिसके लिए एम्स में राज्य सरकार के चिकित्सकों को आघात व आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। राज्य सरकार के साथ साझा पहल के तहत इस सप्ताह पांचवें बैच को प्रशिक्षण दिया गया है। प्रदेश में चारधाम यात्रा के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं की आवश्यकताओं को देखते हुए एम्स में प्रशिक्षण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। संस्थान के ट्रॉमा सेंटर में आयोजित कार्यक्रम में राज्य के चिकित्सा अधिकारियों के पांचवें बैच को प्रशिक्षित किया गया, जिसमें पिथौरागढ़, अल्मोड़ा, नैनीताल, टिहरी आदि जिलों के 30 चिकित्सा अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। आपात चिकित्सा विभाग की हेड डॉ. निधि कैले ने विभिन्न आपातकालीन स्थितियों और उनका प्रबंध करने के तरीकों के बारे में विस्तार से बताया।

150 चिकित्सा अधिकारियों को किया प्रशिक्षित
एम्स के ट्रॉमा सेंटर में प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत बीते 6 मार्च को हुई थी। इससे पूर्व राज्य के चिकित्सा अधिकारियों के चार बैच को प्रशिक्षित किया जा चुका है। जिसमें 150 चिकित्सा अधिकारियों को कैपेसिटी बिल्डिंग प्रोग्राम के तहत प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण देने वाले चिकित्सकों की टीम में ट्रॉमा विभागाध्यक्ष प्रो. कमर आजम, प्रो. निशिथ गोविल, डाॅ. मधुर उनियाल डॉ. भास्कर सरकार, डॉ. पूनम अरोरा, डॉ. नीरज कुमार, डॉ. अवनीश कटियार, डॉ. जॉनी सक्सेना शामिल हैं।

चारधाम यात्रा के दौरान स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने से संबंधित चुनौतियों का निवारण करने के लिए इस ट्रेनिंग का आयोजन किया जा रहा है। जिसका उद्देश्य चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों में मृत्यु दर कम करना व यात्रियों को चारधाम यात्रा मार्ग पर ही उच्च गुणवत्तापरक चिकित्सा सेवा प्रदान करना है। – प्रो. मीनू सिंह, कार्यकारी निदेशक, एम्स ऋषिकेश

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed