Sun. May 19th, 2024

दिल्ली-NCR में चुभन वाली गर्मी बरकरार, आज 42 डिग्री पार हो सकता है तापमान; आने वाले दिनों में छूटेंगे पसीने

नई दिल्ली। लगातार बढ़ रही गर्माहट के बीच मंगलवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 42 डिग्री पार हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, रात को धूल भरी आंधी आने की संभावना है। उधर सोमवार को तापमान सामान्य से ज्यादा दर्ज किया गया। आने वाले दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ेगी।

उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हिमपात और वर्षा होने के कारण अभी तक दिल्ली में ठंडी हवा चल रही थी। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिल रही थी। जबकि अब हवा की दिशा बदलने से तापमान में तेजी से इजाफा हो रहा है।

सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री अधिक 40.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा। हवा में नमी का स्तर का स्तर 59 से 23 प्रतिशत।

मौसम विभाग का अनुमान है कि मंगलवार को आंशिक तौर पर बादल छाए रहेंगे। अधिकतम तापमान 42 जबकि न्यूनतम 25 डिग्री तक पहुंच सकता है। रात में हवा की गति 35 से 45 किमी प्रति घंटे तक रह सकती है।

दूसरी तरफ धूल भरी हवा के चलते दिल्ली के लोगों को प्रदूषण से भी राहत नहीं मिल रही है। लगातार चौथे दिन दिल्ली की हवा ”खराब” श्रेणी में रही। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार, सोमवार को दिल्ली का एक्यूआई 247 रहा था। चिंता की बात यह कि पांच इलाकों का एक्यूआई 300 से ऊपर यानी ”बहुत खराब” श्रेणी में रहा। शादीपुर में एक्यूआई 364, जहांगीरपुरी में 321, मुंडका में 325, चांदनी चौक में 307 और एनएसआईटी द्वारका में 304 दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed