Thu. Jul 30th, 2026

सीओओ भावेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद पेटीएम की पैतृक कंपनी के शेयरों में 5% की गिरावट, लगा लोअर सर्किट

पेटीएम की पैतृक कंपनी वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के सीओओ भावेश गुप्ता के इस्तीफे के बाद कंपनी के शेयरों में बड़ी गिरावट दिखी। सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी के शेयरों में 5% का लोअर सर्किट लगा।सोमवार के कारोबारी सत्र के दौरान कंपनी (वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड) के शेयर 5% तक टूटकर 351 रुपये प्रति शेयर के भाव पर आ गए थे। यह 13 मार्च के बाद कंपनी के शेयरों का सबसे निचला स्तर है।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) पर सोमवार को सुबह 09.55 बजे वन 97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड के शेयर 4.19% की गिरावट के साथ 354.40 रुपये के भाव पर कारोबार करते दिखे। पिछले 12 महीनों के दौरान कंपनी के शेयरों में 51% तक की गिरावट आ चुकी है। वहीं, 2024 में ही कंपनी के शेयर अब तक 44.20% तक टूट चुके हैं।

भावेश गुप्ता ने व्यक्तिगत कारणों का हवाला देते हुए कंपनी से इस्तीफा दिया है। उनका इस्तीफा 4 मई से प्रभावी होगी। कंपनी ने एक एक्सचेंज फाइलिंग में बताया है कि 31 मई को कारोबारी घंटे समाप्त होने के बाद गुप्ता को पदमुक्त कर दिया जाएगा। हालांकि कंपनी ने यह भी बताया है गुप्ता 31 मई के बाद भी सीईओ के दफ्तर से सलाहकार की भूमिका में जुड़े रहेंगे।
इससे पहले, वन97 कम्युनिकेशंस लिमिटेड ने पेटीएम पेमेंट्स बैंक लिमिटेड के नॉमिनी के रूप में भी गुप्ता का नाम वापस ले लिया था। वे पेटीएम पेमेंट्स बैंक में निदेशक और बोर्ड के सदस्य के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे थे। पेटीएम के संस्थापक विजय शेखर शर्मा के बोर्ड से हटने के बाद गुप्ता नाम भी नॉमिनी के रूप में वापस ले लिया गया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed