Tue. Jul 28th, 2026

कारुआना को हराने के बाद अलीरेजा से हारे प्रज्ञानंद, कार्लसन ने लिरेन को दी मात, वैशाली भी हारीं

भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानंद का शानदार प्रदर्शन नॉर्वे शतरंज टूर्नामेंट के छठे दौर में हार के साथ रुक गया। रविवार को दुनिया के दूसरे नंबर के खिलाड़ी फैबियानो कारुआना को पांचवें दौर में हराने वाले प्रज्ञानंद को क्लासिकल मैच में फ्रांस के फिरोजा अलीरेजा के खिलाफ थोड़ा संघर्ष करना पड़ा, लेकिन वह इसके बाद आर्मगेडन टाईब्रेकर में हार गए। दूसरी ओर, मैग्नस कार्लसन ने खराब फॉर्म में चल रहे डिंग लिरेन को हराकर 12 अंकों के साथ एकल बढ़त हासिल कर ली। लिरेन को हराने के साथ ही कार्लसन ने छह दौर के बाद एकल बढ़त बना ली है। कारुआना ने हमवतन हिकारु नाकामुरा को हराकर छह खिलाड़ियों के बीच डबल राउंड रॉबिन आधार पर खेली जा रही इस प्रतियोगिता में कार्लसन को बढ़त हासिल करने में मदद पहुंचाई। अब जब चार दौर की बाजियां खेली जानी बाकी हैं तब शीर्ष पर काबिज कार्लसन के बाद नाकामुरा का नंबर आता है जिनके 11 अंक हैं, जबकि प्रज्ञानंद 9.5 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। अलीरेजा आठ अंकों के साथ चौथे और कारुआना 6.5 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर हैं, जबकि चीन के डिंग लीरेन अब तक केवल 2.5 अंक ही बना पाए हैं।  महिलाओं के वर्ग में भी भारत के हाथ निराशा लगी। प्रज्ञानंद की बहन और महिला ग्रैंडमास्टर वैशाली को चीन की विश्व महिला चैंपियन वेनजुन जू से हार का सामना करना पड़ा। महिलाओं के वर्ग में वेनजुन जू और अन्ना मुजिचुक ने वैशाली की जगह बढ़त हासिल कर ली है। वेनजुन जू और मुजिचुक दोनों के समान 10.5 अंक हैं, जबकि वैशाली उनसे आधा अंक पीछे है। मुजिचुक ने चीन की टिंगजी लेई को आर्मगेडन टाईब्रेकर में हराया। लेई सात अंकों के साथ चौथे स्थान पर हैं। वह भारत की एक अन्य खिलाड़ी कोनेरू हंपी से दो अंक आगे है। हंपी को आर्मगेडन में स्वीडन की पिया क्रैमलिंग के हाथों एक और हार का सामना करना पड़ा। क्रैमलिंग के 4.5 अंक हैं और वह तालिका में सबसे निचले स्थान पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed