Wed. Jul 1st, 2026

दिल्ली की CM आतिशी से खाली कराया गया मुख्यमंत्री आवास, सामान निकाला गया बाहर

दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी से उनका आवास खाली करवा लिया गया है. पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों की टीम ने पहुंचकर मुख्यमंत्री का सामान निकलवाया. वहीं आम आदमी पार्टी ने आरोप लगाया है कि उपराज्यपाल ने मुख्यमंत्री आवास से सीएम आतिशी का सारा सामान बाहर निकलवाया है.
उधर, दिल्ली मुख्यमंत्री आवास खाली कराने पर मुख्यमंत्री कार्यालय का बयान भी सामने आया है. इस बयान में कहा गया, “देश के इतिहास में पहली बार मुख्यमंत्री आवास खाली कराया गया. भाजपा के इशारे पर एलजी ने जबरन सीएम आतिशी का सामान सीएम आवास से निकाला. एलजी की तरफ से भाजपा के किसी बड़े नेता को सीएम आवास आवंटित करने की तैयारी चल रही है. 27 साल से दिल्ली में वनवास काट रही भाजपा अब सीएम आवास कब्जाना चाह रही है.”
आम आदमी पार्टी (आप) ने बुधवार को आरोप लगाया कि अधिकारी प्रोटोकॉल का उल्लंघन कर बीजेपी के दबाव में दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को 6, फ्लैगस्टाफ रोड स्थित बंगला आवंटित नहीं कर रहे हैं जबकि अरविंद केजरीवाल इसे खाली कर चुके हैं.
इस बीच, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने मुख्यमंत्री पर गैरकानूनी तरीके से बंगले में रहने का आरोप लगाया और मांग की कि इसे सील किया जाए.
आतिशी अपना सामान लेकर सोमवार को उत्तर दिल्ली के सिविल लाइंस इलाके में स्थित बंगले में रहने आ गयी थीं. इस बंगले में नौ साल तक केजरीवाल रहे और उन्होंने मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद इसे खाली कर दिया.
वहीं आप के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने आरोप लगाया कि बंगला अभी आतिशी को आवंटित नहीं किया गया है और उन्होंने बीजेपी पर इस बंगले को हड़पने की कोशिश करने का आरोप लगाया. उन्होंने यह भी दावा किया कि बंगला परिसर में मौजूदा मुख्यमंत्री का एक शिविर कार्यालय भी खाली करा लिया गया है.
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा दिल्ली में विधानसभा चुनाव जीत नहीं पायी है इसलिए वह अब दिल्ली के मुख्यमंत्री का बंगला ‘हड़पने’ की कोशिश कर रही है. संजय सिंह ने दस्तावेज दिखाते हुए दावा किया कि केजरीवाल ने उचित तरीके से बंगला खाली कर दिया है.
इससे पहले, भाजपा ने आरोप लगाया कि बंगला लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) को नहीं सौंपा गया है और इसकी चाबियां अब भी केजरीवाल के पास हैं. हालांकि, सिंह ने इस दावे को खारिज किया.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed