Mon. Sep 7th, 2026

वार्ड-39 भाजपा प्रत्याशी अंजली पलैया 1076 मतों से विजयी

ग्वालियर । राज्य निर्वाचन द्वारा निर्धारित कार्यक्रम के तहत नगर निगम के वार्ड-39 में पार्षद पद के लिए हुए उप चुनाव के मतों की गिनती गुरुवार को प्रातःकाल 9 बजे से एमएलबी कॉलेज में की गई। मतों की गिनती के बाद कलेक्टर एवं रिटर्निंग अधिकारी श्रीमती रुचिका चौहान द्वारा उप चुनाव का परिणाम घोषित किया गया। साथ ही विजयी प्रत्याशी को प्रमाणपत्र सौंपा।

उप चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रत्याशी श्रीमती अंजली राजू पलैया विजयी रहीं। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी इंडियन नेशनल कॉंग्रेस की प्रत्याशी श्रीमती शिवानी आकाश खटीक को 1076 मतों से पराजित किया। श्रीमती अंजली पलैया को 3 हज़ार 425 व श्रीमती शिवानी खटीक को 2 हज़ार 349 एवं  निर्दलीय प्रत्याशी श्रीमती ज्योति राजेंद्र  को 67 मत प्राप्त हुए। नोटा के 33 मत आए।

गुरुवार को प्रातःकाल मतगणना से पहले प्रत्याशियों एवं उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं की मौजूदगी में पूरी पारदर्शिता के साथ स्ट्रांग रूम खोला गया। इसके बाद ईवीएम में दर्ज मतों की गिनती 2 चक्रों में पूर्ण की गई। मतगणना के लिए आठ टेबल लगाई गईं थीं।

मतगणना के दौरान प्रेक्षक श्री राजा सिंह परिहार, जिला पंचायत के सीईओ श्री विवेक कुमार, उप जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव जैन एवं एआरओ अशोक चौहान सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। भाजपा के जिला अध्यक्ष अभय चौधरी,सभापति मनोज तोमर , विनय जैन, सतीश शाहू, अनिल सांखला आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed