Sun. Jun 28th, 2026

मध्य प्रदेश के 20 जिलों में आज बारिश का अलर्ट, 9 जून से ग्वालियर-चंबल में लू चलने की संभावना

मध्य प्रदेश में अलग-अलग शहरों में बारिश का सिलसिला बना हुआ है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक, अलग-अलग स्थानों पर बनी मौसम प्रणालियों के असर से रुक-रुककर बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने 9 और 10 जून को ग्वालियर-चंबल के जिलों में लू का अलर्ट जारी किया है। इससे पहले 2 दिन यानी, 7 और 8 जून को कई जिलों में बारिश का दौर जारी रहेगा। शनिवार को 20 जिलों में बारिश होने का अनुमान है।मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को इंदौर, उज्जैन, भोपाल, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। अगले दिन भी ऐसा ही मौसम रहेगा, लेकिन इसके बाद 2 दिन तक लू का अलर्ट है। शुक्रवार को इंदौर और रायसेन में हल्की बारिश दर्ज की गई। वहीं, गुना में पारा सबसे ज्यादा 40.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बाकी शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 38.3 डिग्री, इंदौर में 36.3 डिग्री, ग्वालियर में 38.5 डिग्री, उज्जैन में 38.7 डिग्री और जबलपुर में तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी में सबसे कम 33.8 डिग्री रहा।मौसम विभाग की वैज्ञानिक डॉ. दिव्या ई. सुरेंद्रन ने बताया कि दो साइक्लोनिक सर्कुलेशन और एक वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) की एक्टिविटी बनी हुई है। इस वजह से आंधी-बारिश वाला मौसम है। इस बार भीषण गर्मी में भी आंधी-बारिश वाला मौसम रहा। प्रदेश में 26 अप्रैल से आंधी-बारिश का दौर शुरू हो गया था, जो 6 जून को भी जारी रहा। यानी, लगातार 42 दिन से प्रदेश के किसी न किसी जिले में पानी गिर रहा है, या आंधी चल रही है। शुक्रवार को कई जिलों में बारिश का दौर बना रहा।

अगले 4 दिन ऐसा रहेगा मौसम

7 जून: इंदौर, उज्जैन, भोपाल, झाबुआ, अलीराजपुर, धार, बड़वानी, खरगोन, देवास, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, विदिशा, रायसेन, नर्मदापुरम, बैतूल, नरसिंहपुर, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा और सिवनी में गरज-चमक के साथ बारिश होने का अलर्ट है।

8 जूनः मंडला, बालाघाट, सिवनी, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, बैतूल, हरदा, खंडवा, बुरहानपुर, देवास, इंदौर, खरगोन, धार, बड़वानी, झाबुआ, अलीराजपुर में गरज-चमक और बारिश का अलर्ट है।

9 जूनः ग्वालियर, भिंड, मुरैना, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर में हीट वेव यानी, लू का अलर्ट है। वहीं, खंडवा, बुरहानपुर, हरदा, नर्मदापुरम, बैतूल, छिंदवाड़ा और पांढुर्णा में बारिश हो सकती है।

10 जून: ग्वालियर, भिंड, मुरैना, दतिया, निवाड़ी,टीकमगढ़, छतरपुर में लू का अलर्ट है। वहीं, बड़वानी, खरगोन, खंडवा, हरदा, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, बैतूल, पांढुर्णा और सिवनी में गरज-चमक और बारिश होने का अनुमान है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed