इजराइल का ईरान के एटमी रिएक्टर पर हमला:ईरान ने इजराइली स्टॉक एक्सचेंज-अस्पताल उड़ाया, 176 घायल; अब तक 639 ईरानियों की मौत
इजराइल ने ईरान में अराक हैवी वॉटर रिएक्टर पर हमला कर दिया है। हमले के बाद हुए नुकसान की जानकारी नहीं मिली है। कुछ घंटे पहले ही इजराइली सेना (IDF) ने अराक और खोंडब शहर के लोगों को इलाका खाली करने की चेतावनी दी थी।
अराक में हैवी वाटर रिएक्टर है। यह फैसिलिटी ईरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम का एक अहम हिस्सा है। इसके साथ ही अराक में बड़े पैमाने पर हथियारों का उत्पादन होता है।
ईरान ने जवाब में इजराइल के चार शहरों तेल अवीव, बीर्शेबा, रमत गण और होलोन पर 30 मिसाइलें दागीं। इजराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक 7 मिसाइलों को इजराइली डिफेंस सिस्टम रोकने में नाकामयाब रहा। इसमें 176 लोग घायल हुए हैं। 6 लोगों की हालत गंभीर है।
इजराइली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू ने कहा कि ईरान जानबूझकर इजराइली नागरिकों और अस्पतालों को निशाना बना रहा है। इजराइल इन हमलों का बदला लेगा।
ईरान और इजराइल के बीच जंग सातवें दिन में पहुंच गई है। अब तक इजराइल के 24 लोग मारे गए हैं। वहीं, वॉशिंगटन स्थित एक ह्यूमन राइट्स ग्रुप ने दावा किया है कि ईरान में मौत का आंकड़ा अब 639 हो चुका है और 1329 लोग घायल हुए हैं।
लाइव अपडेट्स
IAEA बोला- अराक रिएक्टर पर हमले का कोई संकेत नहीं
संयुक्त राष्ट्र की अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने X पर एक पोस्ट में बताया है कि ईरान के खोंडाब हैवी वॉटर रिएक्टर (अराक हैवी वॉटर रिएक्टर) पर इजराइली हमले से कोई रेडियोलॉजिकल प्रभाव नहीं हुआ है।
IAEA ने कहा कि चूंकि साइट चालू नहीं थी और उसमें कोई परमाणु सामग्री नहीं थी, इसलिए कोई रेडियोलॉजिकल प्रभाव नहीं हुआ। एजेंसी ने कहा कि उसके पास अभी ऐसी कोई जानकारी नहीं है जो यह संकेत दे कि अराक हैवी वॉटर रिएक्टर पर हमला हुआ है।
चीन ने ईरान-इजराइल से अपने नागरिकों को निकाला
चीन ने ईरान से 1,600 से ज्यादा अपने नागरिकों निकाला है। इसके अलावा चीन ने इजराइल से भी सैकड़ों नागरिकों को सुरक्षित निकाला है।
यह जानकारी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता गुओ जियाकुन ने न्यूज ब्रीफिंग में दी। गुओ ने बताया कि चीन, ईरान और इजराइल दोनों के साथ संपर्क में है और तनाव कम करने की अपील कर रहा है।
IAEA बोला- ईरान परमाणु हथियार बना रहा इसका सबूत नहीं
अंतरराष्ट्रीय परमाणु ऊर्जा एजेंसी (IAEA) ने गुरुवार को कहा कि ईरान परमाणु हथियार बनाने की कोशिश कर रहा है, इसका कोई सबूत नहीं मिला है।
IAEA के डायरेक्टर राफेल ग्रॉसी ने अल-जजीरा को इंटरव्यू में ये बातें कही।
इजराइल सोरोका अस्पताल में विदेशी मीडिया सेंटर खोलेगा
इजराइल के विदेश मंत्री गिदोन साआर ने विदेश मंत्रालय को सोरोका अस्पताल में एक प्रेस ऑपरेशन सेंटर खोलने का निर्देश दिया है। उन्होंने यह आदेश अस्पताल पर हुए हमले के बाद दिया।
विदेश मंत्रालय ने बयान में कहा कि यह सेंटर सरकार के प्रेस ऑफिस के साथ मिलकर काम करेगा और अस्पताल और नागरिकों पर जानबूझकर किए गए हमले को इंटरनेशनल मीडिया के सामने पेश करेगा
