उत्तराखंड- तेज बारिश के चलते चारधाम यात्रा रोकी गई:अजमेर दरगाह के बरामदे की छत गिरी; हिमाचल के मंडी में अब तक 13 की मौत
उत्तराखंड में तेज बारिश को देखते हुए चारधाम यात्रा को अस्थाई रूप से रोक दिया गया है। CM पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जब यात्रा मार्ग श्रद्धालुओं के लिए पूरी तरह से सुरक्षित होगा, तभी आगे यात्रा शुरू की जाएगी।
उत्तराखंड में केदारनाथ मार्ग पर बुधवार रात सोनप्रयाग के पास लैंडस्लाइड हुई और रास्ता बंद हो गया। इस दौरान 40 श्रद्धालु फंस गए। SDRF की टीम मौके पर पहुंची और सभी को सुरक्षित बाहर निकाला।
मौसम विभाग ने आज राजस्थान-मध्य प्रदेश समेत 11 राज्यों में बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में पिछले 4 दिन से बारिश का दौर जारी है। बुधवार को भारी बारिश के बाद अजमेर शरीफ दरगाह परिसर में 2 फीट पानी भर गया।
वहीं, भारी बारिश के दौरान दरगाह परिसर में बने बरामदे की छत का एक हिस्सा भी ढह गया। हालांकि, इस दौरान किसी को चोट नहीं आई। दरगाह कमेटी ने उस हिस्से में लोगो की आवाजाही बंद कर दी है।
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में बादल फटने और बाढ़ से मरने वालों की संख्या बढ़कर 13 हो गई है। अब भी 29 लोग लापता हैं। गुरुवार को 2 और शव मिले। खराब मौसम के चलते राहत कार्य में दिक्कत आ सकती है, क्योंकि मौसम विभाग ने कई जिलों में बाढ़ का अलर्ट जारी किया है।
राजस्थान के भीलवाड़ा में बनास नदी में पुल को पार करने के दौरान एक व्यक्ति बह गया। काछोला थाना क्षेत्र में ककरोलिया घाटी मार्ग पर चोहली के पास बनी पुलिया पर बुधवार को बारिश के बाद करीब 3 फीट ऊपर तक पानी बहने लगा। इस दौरान शंकर भील (55) पानी के तेज बहाव में फंस गया। करीब आधे घंटे से ज्यादा देर तक बबूल की टहनी पकड़ कर बैठा रहा। लेकिन इसके बाद वह बह गया।
छत्तीसगढ़ के रायगढ़ में आज सुबह से तेज बारिश हो रही है। बारिश से कई सड़कों पर पानी भर गया है तो निचले इलाकों के कुछ घरों में पानी घुस गया है। वहीं, आज राज्य के 31 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
बस्तर में लगातार बारिश से कोरापुट-किरंदुल रेल लाइन पर लैंड स्लाइड हुई है। ट्रैक किनारे स्थित मिट्टी और चट्टान कटकर ट्रैक पर गिर गई, जिससे मार्ग बाधित हो गया है। किरंदुल-विशाखापट्टनम और हीराखंड ये दो ट्रेनें कैंसिल हो गई हैं।
हिमाचल प्रदेश के मनाली के सोलंग नाला में स्नो-गैलरी के पास बीती रात 12 बजे बाढ़ आ गई। इससे मनाली को केलांग से जोड़ने वाला हाईवे वाहनों के लिए पूरी तरह बंद हो गया है। BRO की टीम सड़क की बहाली में जुटी हुई है।
इस बीच मौसम विभाग ने कांगड़ा, मंडी, हमीरपुर, शिमला, सोलन व सिरमौर जिला में अगले 24 घंटे तक बाढ़ का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने 2 दिन बाद फिर से भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है
मध्यप्रदेश के पूर्वी हिस्से- जबलपुर, सागर, रीवा और शहडोल संभाग के 17 जिलों में गुरुवार को भारी बारिश का रेड अलर्ट है। ग्वालियर-चंबल संभाग के 4 जिले भी भीगेंगे। स्ट्रॉन्ग सिस्टम एक्टिव होने से ऐसा होगा। भोपाल, इंदौर-उज्जैन समेत अन्य जिलों में भी बारिश का यलो अलर्ट है।
