Fri. May 1st, 2026

एमपी में बड़े स्तर पर IAS अधिकारियों के ट्रांसफर, नीरज मंडलोई बने एसीएस मुख्यमंत्री सचिवालय

मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को वरिष्ठ भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) अधिकारियों के बड़े स्तर पर तबादले किए। इन तबादलों में मुख्यमंत्री कार्यालय से लेकर नर्मदा घाटी विकास, नगरीय प्रशासन, ऊर्जा, सामान्य प्रशासन जैसे प्रमुख विभागों के अधिकारी बदले गए हैं। इस फेरबदल में सबसे महत्वपूर्ण नियुक्ति वरिष्ठ IAS अधिकारी नीरज मंडलोई (1993 बैच) को मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव के रूप में पदस्थ किया जाना है। उन्हें इसके साथ ऊर्जा विभाग और लोक सेवा प्रबंधन विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है।वहीं, अब तक मुख्यमंत्री कार्यालय में अपर मुख्य सचिव पद पर कार्यरत वरिष्ठ आईएएस अधिकारी 1990 बैंच के डॉ. राजेश राजौरा को अब उपाध्यक्ष, नर्मदा घाटी विकास प्राधिकरण, प्रबंध संचालक, नर्मदा बेसिन प्रोजेक्ट कंपनी लिमिटेड, जल संसाधन विभाग के अपर मुख्य सचिव पद पर पदस्थ किया गया है। इसके अलावा अब तक सामान्य प्रशासन विभाग, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी और कर्मचारी चयन मंडल का अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और 1993 बैंच के संजय दुबे को नगरीय विकास एवं आवास विभाग के अपर मुख्य सचिव बनाया गया है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग उनके पास यथावत रहेगा।

मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग इंदौर में ओएसडी सह सचिव प्रबल सिपाहा को उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त बनाया गया है। वहीं, मध्य प्रदेश वित्त निगम इंदौर की प्रबंध संचालक राखी सहाय को लोक सेवा आयोग इंदौर का सचिव बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *