Thu. Aug 6th, 2026

CM मोहन यादव के ससुर का निधन, 98 वर्ष की उम्र में ली अंतिम सांस

मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के ससुर और विद्या भारती के पूर्व संगठन मंत्री ब्रह्मदीन यादव का मंगलवार को निधन हो गया। 98 वर्षीय ब्रह्मदीन यादव पिछले कुछ समय से सांस और पेट की तकलीफ से जूझ रहे थे। उनका इलाज सुल्तानपुर के राजकीय मेडिकल कॉलेज में चल रहा था, जहां से उन्हें चार जुलाई को छुट्टी दे दी गई थी। मंगलवार को अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्होंने अंतिम सांस ली।

परिवार के अनुसार, उनका अंतिम संस्कार रीवा में किया जाएगा, जहां मुख्यमंत्री मोहन यादव खुद भी उपस्थित रहेंगे। गौरतलब है कि ब्रह्मदीन यादव सामाजिक और शैक्षिक क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। वे लंबे समय तक विद्या भारती से जुड़े रहे और संगठन मंत्री के रूप में उन्होंने शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनके निधन से परिवार समेत पूरे संगठन में शोक की लहर है।

संघ से रहे जुड़े, आंदोलन में बदला नाम
ब्रह्मदीन यादव का जीवन संघ से जुड़ाव और सामाजिक आंदोलनों से प्रेरित रहा। उनका मूल नाम ब्रह्मानंद था, लेकिन विद्यार्थी जीवन में आंदोलनों के दौरान गिरफ्तारी से बचने के लिए उन्होंने नाम बदलकर ब्रह्मदीन रख लिया था। उस दौर में आंदोलन से जुड़े होने के कारण पुलिस-प्रशासन ने उनकी पारिवारिक संपत्तियों पर भी कार्रवाई की थी। मुंबई में पढ़ाई पूरी करने के बाद वे नौकरी के लिए मध्य प्रदेश के रीवा आ गए थे।

1987 में प्रिंसिपल के पद से हुए थे सेवानिवृत्त
रीवा में उन्होंने एक राजकीय विद्यालय में शिक्षकीय जीवन की शुरुआत की और 1987 में प्रधानाचार्य के पद से सेवानिवृत्त हुए। उनका परिवार मूल रूप से यूपी के अंबेडकरनगर जिले की भीटी तहसील के कोडड़ा डड़वा गांव का रहने वाला है।

परिवार में तीन बेटे, एक बेटी
ब्रह्मदीन यादव के तीन बेटे और एक बेटी हैं। उनकी इकलौती बेटी सीमा यादव की शादी वर्ष 1994 में उज्जैन में डॉ. मोहन यादव से हुई थी। बड़े पुत्र रामानंद यादव भारतीय वायुसेना से सेवानिवृत्त होकर जबलपुर में रह रहे हैं, जबकि दूसरे पुत्र सदानंद यादव विद्या भारती, रीवा में कार्यरत हैं। तीसरे पुत्र विवेकानंद यादव, जिनके साथ ब्रह्मादीन यादव सुल्तानपुर में रह रहे थे, एक स्कूल में शारीरिक शिक्षक हैं।

विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में हुई थी रिश्ते की शुरुआत
सीमा यादव ने 1989 में रीवा से भूगोल विषय में एमए किया है। वह स्वयं भी विद्यार्थी परिषद और संघ से जुड़ी रही हैं। 1984 में एक विद्यार्थी परिषद के कार्यक्रम में उनकी मुलाकात डॉ. मोहन यादव से हुई थी, जो उस समय संगठन के राष्ट्रीय मंत्री थे। परिवार की सहमति से वर्ष 1994 में उज्जैन में यह रिश्ता विवाह में परिणत हुआ।

सीएम फिलहाल स्पेन में
बता दें, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अभी स्पेन दौरे पर हैं। ससुर की अंत्येष्टि में उनके शामिल होने को लेकर अभी कोई सूचना नहीं मिली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed