Fri. May 1st, 2026

इंदौर लगातार आठवीं बार देश का सबसे स्वच्छ शहर ,इंदौर के कीर्तिमान को नमन, जन-जन का शत-शत अभिनंदन: मंत्री विजयवर्गीय

नई दिल्ली भोपाल।देश में सुपर स्वच्छ लीग में पहले नंबर पर आए मध्यप्रदेश के इंदौर को पुरस्कार मिला है। शहर को 10 लाख से अधिक जनसंख्या कैटेगरी में रखा गया था। नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से यह अवॉर्ड प्राप्त किया। इस अवसर पर इंदौर महापौर  पुष्यमित्र भार्गव  एवं नगर निगम आयुक्त  शिवम वर्मा की उपस्थित रहे। पुरस्कार प्राप्त करने के बाद मंत्री विजयवर्गीय ने सोशल मीडिया के माध्यम से सभी नागरिकों को बधाई दी।
  उन्होंने कहा, सुपर स्वच्छ इंदौर है, यह एक अलग दौर है। आज नई दिल्ली में महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू से पुरस्कार प्राप्त कर स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा हूं। इंदौर को लगातार आठवीं बार देश के सबसे स्वच्छ शहर का पुरस्कार प्राप्त हुआ है। इसी के साथ मध्य प्रदेश को अन्य श्रेणी में भी अवॉर्ड प्राप्त हुए हैं। सभी नागरिकों एवं निकायों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं।
श्री विजयवर्गीय ने आगे कहा, इंदौर आज स्वच्छता का गुरु है। स्वच्छता का पथ प्रदर्शक है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के स्वच्छ भारत मिशन में कदमताल करते हुए इंदौर ने लगातार आठवीं बार देशभर में स्वच्छता में शीर्ष स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के कुशल नेतृत्व में इंदौर ने सिद्ध कर दिया कि जब जनता का संकल्प, जनप्रतिनिधियों की निष्ठा, प्रशासन की तत्परता और स्वच्छता मित्रों का परिश्रम एक सूत्र में बंध जाते हैं, तब असंभव को भी संभव किया जा सकता है।
उन्होंने कहा, स्वच्छ सुपर लीग में इंदौर ने जहां अपनी स्वच्छता साधना को पुनः सिद्ध किया है, वहीं बाबा महाकाल की पावन नगरी उज्जैन तथा मां नर्मदा के निर्मल तट पर बसे बुधनी ने भी प्रशंसनीय स्थान अर्जित कर प्रदेश की गौरवगाथा को विस्तार दिया है।
राजा भोज की नगरी भोपाल, देवास एवं शाहगंज ने भी विविध श्रेणियों में पुरस्कृत होकर यह प्रमाणित कर दिया कि स्वच्छता अब मध्यप्रदेश की आत्मा में रच-बस गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *