रेलवे ट्रैक पर फंसी कार, सामने से आ रही ट्रेन, सूझबूझ से टला हादसा
सागर मध्यप्रदेश सागर शहर में एक दिल दहला देने वाला हादसा बाल-बाल टल गया। एक कार अचानक रेलवे ट्रैक पर फँस गई और उसी समय सामने से ट्रेन भी आती हुई दिखी। मगर रेलवे फाटक कर्मचारी की सूझबूझ और स्थानीय लोगों की मदद से बड़ा हादसा होते-होते टल गया। यह पूरी घटना सागर के भूतेश्वर रेलवे फाटक के पास हुई। जानकारी के मुताबिक, वहीं रहने वाले एक परिवार का 12 साल का बच्चा मंगलवार को घर के पास खड़ी अल्टो कार में बैठा था। तभी गलती से उससे कार स्टार्ट हो गई और थोड़ी ही दूरी पर मौजूद रेलवे पटरी पर जाकर कार अचानक बंद हो गई।
घटना के कुछ ही पलों बाद, दुर्ग-अजमेर ट्रेन का समय हो गया। कार के फँसे होने की खबर सुनते ही रेलवे फाटक कर्मचारी दौड़कर आए। सामने से ट्रेन भी नजदीक आ चुकी थी और हॉर्न की आवाज सुनकर आसपास के लोग भी घबरा गए। रेलवे फाटक कर्मचारी ने तुरंत लाल झंडा दिखाकर ट्रेन को रुकवाया। इस बीच, बच्चे के परिवार के सदस्य भी मौके पर पहुँच गए और लोगों की मदद से कार को धक्का लगाकर पटरी से हटाया गया। सबकी सांस में उस समय राहत आई, जब कार सुरक्षित पटरी से उतर गई और बड़ा हादसा टल गया।
प्रत्यक्षदर्शी रेलवे कर्मचारी ने बताया कि “जैसे ही देखा कार पटरी पर फँसी है, तुरंत लाल झंडा दिखाकर ट्रेन रुकवाई। सौभाग्य से ट्रेन के ड्राइवर ने भी समय रहते ट्रेन रोक दी, वरना हादसा हो सकता था।” ट्रेन के लोको पायलट ने भी फाटक कर्मचारी का संकेत देखते ही समय पर ट्रेन को रोककर बड़ा हादसा टालने में मदद की। हादसे के समय स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई और सबने मिलकर कार को हटाया।
सागर रेलवे स्टेशन के प्रबंधक वी के कृपलानी ने बताया कि डाउन ट्रेन अजमेर दुर्ग गुजर रही थी उसी ट्रैक पर एक कार फसे होने की सूचना मिली थी जिसके बाद ट्रेन को रुकवाया गया था करीब 7 मिनट तक यह ट्रेन खड़ी रही थी और फिर आगे बढ़ गई थी
