Wed. Aug 5th, 2026

उदयपुर के थाने में ज्वेलर की मौत, हंगामा परिवारवाले बोले- टॉर्चर करके मार डाला, चोरी की ज्वेलरी खरीदने के आरोप में ले गई थी पुलिस

उदयपुर के थाने में ज्वेलर की मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। टॉर्चर करके मार डालने का आरोप लगाते हुए लोगों ने प्रदर्शन किया। पुलिस पर हत्या का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। माहौल गरमाता देख तीन थानों की पुलिस के साथ ही कई अधिकारी मौके पर डटे रहे थे।

यह पूरा मामला ऋषभदेव थाना पुलिस से जुड़ा है। ऋषभदेव थाना क्षेत्र के थाणा गांव में चोरी हुई थी। सोमवार (4 अगस्त) दोपहर बाद इसी मामले में डूंगरपुर के बिछीवाड़ा निवासी सुरेश पंचाल (55) को पूछताछ के लिए ऋषभदेव थाने लाया गया था। शाम को थाने में उसकी तबीयत खराब हो गई। पुलिस ज्वेलर को ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गई, जहां उसकी मौत हो गई थी।

ज्वेलर की मौत की खबर मिलते ही बिछीवाड़ा से परिवार और आसपास के गांवों से समाज के लोग ऋषभदेव पहुंचे। उन्होंने ज्वेलर की मौत को लेकर पुलिस पर सवाल खड़े किए और उसे परेशान करने के आरोप लगाए। उन्होंने 4 अगस्त की रात करीब साढ़े दस बजे ऋषभदेव के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और पुलिस थाने के बाहर हंगामा कर विरोध जताया।

उधर, माहौल को देखते हुए डीएसपी राजीव राहर, तहसीलदार वीरेंद्र सिंह राठौड़, कल्याणपुर, खेरवाड़ा, पहाड़ा थाने की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए थे।

रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एसपी से बात करने के बाद मामला शांत हो गया। सभी अपने-अपने घर चले गए। इसके बाद सुबह फिर से भीड़ जुट गई। परिजन और समाज के लोग मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।

बेटे का आरोप -पिता को धमकाया, इसलिए मौत सुरेश पंचाल (मृतक) के बेटे हिमांशु ने बताया- पहले उदयपुर शहर की गोवर्धन विलास पुलिस लेकर गई थी। उदयपुर में पिता को डराया-धमकाया था। फिर पुलिस ऋषभदेव लेकर आई थी।

व्यापारियों को परेशान कर रही पुलिस उदयपुर सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष यशवंत आंचलिया ने बताया- पुलिस काफी समय से व्यापारियों को परेशान कर रही है। एसपी ने पहले निर्देश दिए थे कि आईपीसी की धारा 411 में व्यापारियों से पूछताछ करनी है तो पहले सर्राफा एसोसिएशन के पदाधिकारियों को बुलाएं। बातचीत के बाद आगे की कार्रवाई करें। पुलिस ऐसा नहीं कर रही है। उन्होंंने ज्वेलर की मौत को लेकर कार्रवाई की मांग की है।

पंचाल समाज के साथ पुलिस-प्रशासन की बैठक शुरू ऋषभदेव कस्बे में पंचाल समाज के नोहरे (बाड़ा) में पुलिस-प्रशासन की बैठक चल रही है। बैठक में ज्वेलर के परिजन और समाज के लोग मौजूद हैं। परिजन निष्पक्ष जांच, आर्थिक सहायता और नौकरी की मांग कर रहे हैं। बैठक में एडिशनल एसपी गोपाल स्वरूप मेवाड़ा, अंजना सुखवाल सहित एसडीएम और तहसीलदार मौजूद हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed