Thu. Apr 30th, 2026

मुख्यमंत्री डॉ. यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया गॉंव – गॉंव पहुंचे -सीएम बोले सब की मदद करेंगे

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि अतिवृष्टि/बाढ़ से जनता को हुए नुकसान की भरपाई की जाएगी। कोई चिंता न करें, सरकार आपके साथ है। प्रत्येक प्रभावित परिवार का सर्वे कराकर क्षतिपूर्ति की जाए। सरकार द्वारा ‘डीबीटी प्रणाली’ के माध्यम से सहायता राशि सीधे प्रभावितों के खातों में पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोमवार को गुना में बाढ़/अति वर्षा प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के दौरान यह बात कही। उन्होंने जिले के विभिन्न वर्षा प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा भी की। इस दौरान केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री ने कैंट क्षेत्र, पटेल नगर में घर-घर जाकर प्रभावित नागरिकों से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने न्यू टेकरी रोड स्थित पवन कॉलोनी पहुंचकर वर्षा से प्रभावित परिवारों से भेंट कर हालात जाने। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि गत दिनों हुई भारी वर्षा ने जिले में 32 वर्षों का रिकॉर्ड तोड़ा है, जिससे अभूतपूर्व स्थिति निर्मित हुई। इस चुनौती का प्रशासन ने तत्परता एवं समन्वय के साथ सामना किया। गुना न्यू सिटी कॉलोनी की एक बुजुर्ग महिला सहित 170 नागरिकों का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया गया। विभिन्न जलाशयों में जलस्तर बढ़ने से राहत कार्यों की गति तेज की गई। मुख्यमंत्री ने बताया कि एनडीआरएफ की 70 सदस्यीय टीम द्वारा सघन बचाव कार्य किए गए। विभिन्न समाजसेवी संस्थाओं एवं प्रशासनिक अमले ने मिलकर भोजन पैकेट वितरण, अस्थायी आश्रय स्थल की स्थापना तथा आवश्यक सामग्री वितरण जैसे राहत कार्य किए।मुख्यमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में और भी वर्षा संभावित है, इसलिए प्रशासन पूर्ण सतर्कता बरते। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों की यह जिम्मेदारी है कि वे हर परिस्थिति में जनता के साथ खड़े रहें। यह हर्ष की बात है कि केन्द्रीय मंत्री सिंधिया निरंतर संपर्क में रहते हुए राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने प्रभावित नागरिकों को आश्वस्त करते हुए कहा कि शासन हर हाल में उनके साथ है, किसी भी प्रकार की कठिनाई में उन्हें अकेला नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने सभी बहनों का रक्षाबंधन के साथ स्वागत करने पर आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बहनों ने राखी बांधकर मुख्यमंत्री का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया।मुख्यमंत्री यादव और केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने सोमवार को शिवपुरी जिले के ग्राम पचावली का दौरा कर हाल ही में आई बाढ़ से प्रभावित लोगों से मुलाकात की और राहत सामग्री वितरित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार का पहला कर्तव्य नागरिकों की सुरक्षा है। उन्होंने आश्वस्त किया कि जनहानि, पशुहानि या फसल क्षति की स्थिति में सरकार पीड़ितों के साथ है और राहत राशि सीधे खातों में दी जा रही है। केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने बताया कि औसत से अधिक बारिश के कारण सिंध नदी उफान पर आई, जिससे पचावली सहित 32 गांव बाढ़ की चपेट में आए। ग्वालियर से राहत के लिए भेजे गए दो हेलीकॉप्टर मौसम के कारण नहीं पहुंच सके, फिर भी संयुक्त प्रयासों से लगभग 400 लोगों की जान बचाई गई। निरीक्षण के दौरान विधायकगण, जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्थिति पर नियंत्रण पा लिया गया है और राहत कार्य लगातार जारी रहेंगे। सिंधिया ने भी शीघ्र मुआवजा देने की बात दोहराई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *