टोल प्लाजा पर आर्मी जवान से बर्बर मारपीट, वीडियो वायरल, चार कर्मी गिरफ्तार
मेरठ, मेरठ-करनाल हाईवे के भुनी टोल प्लाजा पर रविवार रात एक शर्मनाक घटना सामने आई, जहां ड्यूटी पर लौट रहे आर्मी जवान कपिल को टोल कर्मचारियों ने बेरहमी से पीटा। खंभे से बांधकर लाठी-डंडों से की गई मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसने लोगों में आक्रोश पैदा कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक, श्रीनगर में तैनात और हाल ही में ऑपरेशन सिंदूर का हिस्सा रहे जवान कपिल कांवड़ की छुट्टियां बिताकर मेरठ से दिल्ली एयरपोर्ट जा रहे थे। उनके साथ उनका चचेरा भाई भी था। टोल शुल्क को लेकर कर्मचारियों से कहासुनी हुई, क्योंकि जवान ने छूट की श्रेणी में आने का दावा किया। विवाद बढ़ने पर टोल कर्मियों ने कपिल और उनके भाई के साथ मारपीट शुरू कर दी।
पीड़ित के पिता ने सरूरपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया कि टोल कर्मियों ने गांव के नजदीक होने के बावजूद छूट देने से इनकार किया और दबंगई दिखाई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज की जांच शुरू की और चार टोल कर्मियों को गिरफ्तार किया है। मामले की गहन जांच जारी है
