Thu. Apr 30th, 2026

14 आईएस के तबादलों में दिखी सीएम की पसंद, प्रभार और गृह जिलों में विश्वस्तों को सौंपी कमान

मध्य प्रदेश सरकार ने पांच जिलों के कलेक्टर समेत भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के 14 अधिकारियों के ट्रांसफर किए है। इंदौर, जबलपुर, कटनी, बड़वानी, आगर मालवा पांच जिलो के कलेक्टर बदले हैं। इंदौर कलेक्टर आशीष सिंह उज्जैन आयुक्त और जबलपुर कलेक्टर दीपक सक्सेना जनसंपर्क आयुक्त बने हैं। वहीं, जनसंपर्क आयुक्त डॉ. सुदाम पंढरीनाथ खाड़े को इंदौर संभाग का आयुक्त बनाया गया है। इस सूची में मुख्यमंत्री की पंसद दिखी हैं। मुख्यमंत्री के प्रभारी जिले और गृह जिले में विश्वस्त अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

सीएम की पसंद से इंदौर में अधिकारियों की पोस्टिंग
जनसंपर्क आयुक्त व सीएम के विश्वस्त अधिकारियों में शामिल सुदाम पंढरीनाथ खाडे को इंदौर का नया संभागायुक्त बनाया गया है। सीएम और इंदौर के प्रभारी मंत्री डॉ. मोहन यादव ने इंदौर में अपनी पसंद के अधिकारियों की पदस्थापना की है। खाडे के अलावा इंदौर नगर निगम आयुक्त शिवम वर्मा को शहर का नया कलेक्टर बनाया गया है। इनके अलावा कटनी के कलेक्टर दिलीप कुमार यादव को इंदौर नगर निगम का आयुक्त व मेट्रो रेल कंपनी का अपर प्रबंध संचालक बनाया गया है। ये दोनों अधिकारी सीएम की पसंद के अधिकारियों में शामिल हैं। इंदौर के मौजूदा कलेक्टर आशीष सिंह को उज्जैन का नया संभागायुक्त बनाया गया है। इसके अलावा उनके पास सिंहस्थ मेला अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार बना रहेगा। जबलपुर के मौजूदा कलेक्टर दीपक कुमार सक्सेना को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी सह आयुक्त जनसंपर्क तथा माध्यम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सक्सेना उज्जैन के हैं। जब सीएम ने पहले प्रशासनिक सर्जरी की थी तब उन्हें जबलपुर का कलेक्टर बनाया गया था। ये सरल, सहज होने के साथ ही नवाचार को प्राथमिकता देते हैं। इन्होंने जबलपुर में निजी स्कूलों पर नकेल कसी।

डॉ. झाड़े इंदौर विकास प्राधिकरण के सीईओ बने
डॉ. परीक्षित संजयराव झाड़े को इंदौर विकास प्राधिकरण का नया सीईओ बनाया गया है। ये वर्तमान में नगरीय विकास विभाग के अपर आयुक्त हैं। आईडीए के मौजूदा सीईओ आरपी अहिरवार को जबलपुर नगर निगम का आयुक्त बनाया गया है।  इंदौर के मौजूदा संभागायुक्त दीपक सिंह को राज्य निर्वाचन आयुक्त बनाया गया है। वहीं, राज्य निर्वाचन आयुक्त सचिव अभिषेक सिंह को गृह विभाग में सचिव बनाया गया है। ये लंबे समय से नई पदस्थापना की तलाश में थे।

 2016 बैच के अधिकारी कलेक्टर बनाए गए
2016 बैच के अधिकारियों को कलेक्टर बनाया गया है। इनमें मुख्य सचिव अनुराग जैन के कार्यालय में उपसचिव के पद पर कार्यरत आशीष तिवारी को कटनी का, उज्जैन जिला पंचायत की सीईओ जैती सिंह को कलेक्टर बड़वानी, जबलपुर नगर निगम आयुक्त प्रीति यादव को आगर मालवा का कलेक्टर बनाया है, वहीं लंबे समय से छुट्टी पर चल रही बड़वानी कलेक्टर गुंचा सनोबर को मप्र शासन में उपसचिव पदस्थ किया है।
राघवेंद्र सिंह जबलपुर कलेक्टर
2013 बैच के आईएएस आगर मालवा के वर्तमान कलेक्टर राघवेंद्र सिंह को जबलपुर का नया कलेक्टर बनाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *