धार की रुखसार खंडवा में बनी वंशिका: श्री रामचरितमानस को सिर पर रखकर पढ़ने का लिया संकल्प, हिंदू धर्म अपनाकर की घर वापसी
इमरान खान, खंडवा मध्यप्रदेश के धार जिले की रहने वाली एक मुस्लिम युवती ने खंडवा के महादेवगढ़ मंदिर पहुंचकर पहले तो हिन्दू धर्म अपनाकर घर वापसी की, फिर खंडवा के ही युवक से हिन्दू रीति–रिवाजों के तहत सात फेरे भी लिए। दरअसल, धार की रुखसार ने खंडवा जिले के उन्हेल निवासी विशाल से महादेवगढ़ पर आकर सनातन वैदिक पद्धति से विवाह किया। इसके पहले रुखसार ने सनातन धर्म अपनाया और इसके बाद श्रीरामचरितमानस को अपने जीवन में धारण करने का संकल्प लिया।
इतना ही नहीं रुखसार का नाम अब वंशिका रख दिया गया है। वंशिका ने कहा कि बचपन से ही उसकी सनातन धर्म में रुचि थी और वह घर पर भी बिंदी लगाती तथा साड़ी पहना करती थी। बताया जा रहा है, कि 27 नवंबर को घर वालों ने उसकी शादी तय कर ली थी। लेकिन रुखसार ने निकाह करना मंजूर नहीं किया और इंस्टाग्राम पर दोस्त बने खंडवा के विशाल राजपूत से शादी करने का मन बना लिया।
फिर क्या था, युवती खंडवा महादेवगढ़ पर आकर विशाल से हिन्दू रीति परंपरा के तहत विवाह कर लिया। इस दौरान महादेवगढ़ के विशाल पासी और पवन द्वारा नव दंपति को श्री राम चरित्र मानस भेंट की गई। वंशिका ने भी श्रीरामचरितमानस स्वीकार की और उसे पढ़ने की बात कही।
