नई Tata Sierra में मिलेंगे दमदार फीचर्स, पुराने मॉडल से पूरी तरह बदली SUV
भारतीय बाजार में टाटा मोटर्स एक बार फिर अपनी आइकॉनिक SUV Tata Sierra को नए रूप में लॉन्च करने जा रही है। कंपनी ने इस कार का नया टीज़र जारी किया है, जिससे इसके डिज़ाइन और फीचर्स का खुलासा हुआ है। यह SUV पुराने सिएरा मॉडल की झलक को बरकरार रखते हुए आधुनिक तकनीक और लग्जरी फीचर्स के साथ बाजार में वापसी करने को तैयार है। नई Tata Sierra को 25 नवंबर 2025 को लॉन्च किया जाएगा।
कंपनी के मुताबिक, नई सिएरा का डिजाइन पुराने मॉडल से प्रेरित है, लेकिन इसमें कई हाई-टेक फीचर्स जोड़े गए हैं। सबसे आकर्षक फीचर इसका बड़ा पैनोरमिक सनरूफ है, जो अपने सेगमेंट में सबसे बड़ा बताया जा रहा है। इसके अलावा SUV के केबिन में 3 स्क्रीन का सेटअप दिया गया है — एक डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, सेंटर टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम और फ्रंट पैसेंजर के लिए अलग स्क्रीन। इससे इसका इंटीरियर बेहद प्रीमियम और हाई-टेक दिखता है।
नई सिएरा का इंटीरियर लाइट बेज थीम और ब्लैक इंसर्ट्स के साथ डिजाइन किया गया है। इसमें वेंटिलेटेड सीटें, ड्यूल-जोन क्लाइमेट कंट्रोल, क्रूज कंट्रोल, वायरलेस चार्जिंग पैड, इलेक्ट्रिक एडजस्टेबल फ्रंट सीटें और डिजिटल रियर-व्यू मिरर जैसे फीचर्स दिए गए हैं। इसके अलावा दूसरी रो में सनब्लाइंड्स के हुक और रूफ लाइट्स जैसे फीचर्स भी मौजूद हैं।
सुरक्षा के लिहाज से नई टाटा सिएरा में लेवल-2 ADAS तकनीक दी गई है। उम्मीद है कि इसे ग्लोबल NCAP या भारत NCAP में 5-स्टार सेफ्टी रेटिंग मिलेगी। यह SUV दो वेरिएंट में लॉन्च होगी — एक ICE (पेट्रोल/डीजल) इंजन के साथ और दूसरा EV (इलेक्ट्रिक) मॉडल के रूप में। पहले इसका इंजन वर्जन लॉन्च किया जाएगा, जबकि इलेक्ट्रिक वर्जन बाद में पेश होगा।
