Tue. Jun 2nd, 2026

बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित आठ की मौत

उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में सोमवार रात एक भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई। यह हादसा फतेहपुर-देवा मार्ग पर कल्याणी नदी पुल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक और नई अर्टिगा कार की आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार सभी लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने इलाज के दौरान ट्रामा सेंटर में दम तोड़ दिया। मृतकों में एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं। हादसे के बाद इलाके में मातम पसर गया और घरों में कोहराम मच गया। प्रदीप रस्तोगी, उनकी पत्नी माधुरी रस्तोगी, पुत्र नितिन और पुत्र कृष्णा की अर्थियां एक साथ उठीं तो माहौल गमगीन हो गया। महिलाएं बेसुध होकर गिर पड़ीं और लोगों की आंखें नम हो गईं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक इतनी तेज रफ्तार में था कि ड्राइवर ब्रेक तक नहीं लगा सका और टक्कर के बाद कई मीटर तक घिसटता चला गया। कार में फंसे शवों को निकालने के लिए पुलिस को गैस कटर का इस्तेमाल करना पड़ा। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जानकारी के अनुसार, मृतक प्रदीप रस्तोगी (55) अपने परिवार के साथ कानपुर के बिठूर में एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। कार फतेहपुर कस्बे से कुछ दूर कल्याणी नदी पुल के पास पहुंची थी जब यह हादसा हुआ।

मरने वालों में प्रदीप रस्तोगी (55), माधुरी रस्तोगी (52), नितिन (35), कृष्णा (15), चालक श्रीकांत (40) और महेंद्र मिश्र उर्फ बाला (45) शामिल हैं। जबकि इंद्रकुमार मिश्र (50) और विष्णु नाग (15) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

घटना की जानकारी पर डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। सभी शवों का पोस्टमॉर्टम डॉक्टरों के पैनल द्वारा कराया गया। हादसे की खबर फैलते ही पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You may have missed