Sat. May 2nd, 2026

दिल्ली ब्लास्ट का नया CCTV फुटेज सामने आया सिग्नल पर गाड़ी के परखच्चे उड़े; आरोपी डॉ.शाहीन का देशभर में धमाकों का प्लान था

दिल्ली में लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास 10 नवंबर को हुए कार धमाके का नया CCTV फुटेज सामने आया है। यह फुटेज ठीक 6:51 बजे का है, जब ब्लास्ट हुआ था। वीडियो में रेड सिग्नल पर गाड़ियों की भीड़ नजर आ रही है। तभी i-20 कार में धमाका हो जाता है।

कार धमाका मामले में कई बड़े खुलासे हुए हैं। फरीदाबाद से गिरफ्तार आतंकी मॉड्यूल में शामिल डॉ. शाहीन शाहिद ने कबूला है कि वह अपने साथी आतंकी डॉक्टरों के साथ मिलकर देश भर में हमलों की साजिश रच रही थी।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, शाहीन ने पूछताछ के दौरान बताया कि वह पिछले दो सालों से विस्फोटक जमा कर रही थी। शाहीन और उसके साथी फरीदाबाद के वाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल से जुड़े थे। यह मॉड्यूल जैश-ए-मोहम्मद और अंसार गजवत-उल-हिंद से जुड़ा है और फरीदाबाद की अल फलाह यूनिवर्सिटी से ऑपरेट हो रहा था।

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को मॉड्यूल के सिलसिले में हरियाणा के मेवात से इश्तियाक नाम के एक मौलवी को गिरफ्तार किया। उसे श्रीनगर ले जाया गया है। वह अल फलाह यूनिवर्सिटी कैंपस में एक किराए के मकान में रह रहा था। उसके घर से 2,500kg से ज्यादा अमोनियम नाइट्रेट, पोटेशियम क्लोरेट और सल्फर बरामद हुआ था।

मंगलवार रात कश्मीर से एक और डॉक्टर को भी गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान डॉ. तजामुल के रूप में हुई है। वह श्रीनगर के SMHS अस्पताल में काम करता है। ब्लास्ट मामले में कश्मीर का यह चौथा डॉक्टर है, जिसे पकड़ा गया है। अब तक 12 लोग गिरफ्तार हुए हैं।

कार धमाका सुसाइड कार बॉम्बिंग जैसा हमला नहीं था

सूत्रों के अनुसार, कार ने किसी टारगेट को टक्कर नहीं मारी, न किसी बिल्डिंग में घुसी, यानी यह सुसाइड कार बॉम्बिंग जैसा हमला नहीं था। उमर विस्फोट में मारा जा चुका है। पुलिस ने उसकी मां का DNA सैंपल लिया है, ताकि धमाके के अवशेष में मिले शव के टुकड़ों की पहचान हो सके।

लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास सोमवार शाम करीब 6.52 बजे सफेद i20 कार में ब्लास्ट हुआ था। इसमें 12 लोगों की मौत हुई। सूत्रों का कहना है कि कार में विस्फोट सामाग्री वही थी, जो फरीदाबाद से 10 नवंबर को धमाके से पहले जब्त की गई थी।

लाइव अपडेट्स

 

पोस्टमार्टम रिपोर्ट: कान के पर्दे, फेफड़े और आंतें फटीं

  • शवों की हड्डियां टूटीं, सिर पर चोट के निशान मिले।
  • मृतकों के कान के पर्दे, फेफड़े और आंतें फट गईं थीं।
  • धमाके के झटके से लोग दीवार या जमीन से टकराए।
  • गहरी चोट और ज्यादा खून बहने से मौत हुईं।
यूपी के हापुड़ से बड़ी मात्रा में विस्फोटक बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के हापुड़ से पुलिस ने दो तस्करों के पास से भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किया। दोनों तस्करों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनकी पहचान शोभित और विजेंद्र सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि करीब ढाई किलो विस्फोटक पदार्थ बरामद हुआ है।

दोनों तस्करों ने पूछताछ के दौरान बताया कि वे हरियाणा की एक कंपनी से गंधक (सल्फर) लेकर आ रहे थे और इसका इस्तेमाल खेतों से आवारा पशुओं को भगाने के लिए करने वाले थे।

 

मुंबई के मुंब्रा में ATS की छापेमारी, दो व्यक्तियों को हिरासत में लिया

मुंबई के मुंब्रा क्षेत्र में आतंकवाद विरोधी दस्ता (ATS) ने बुधवार को छापेमारी की। इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लेकर उनसे पूछताछ की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, ATS ने मुंब्रा क्षेत्र के चार घरों पर छापा मारा है।

छापेमारी के दौरान दो लोगों से पूछताछ की गई और कई घरों से इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जब्त किए गए हैं। इससे पहले, ATS ने पुणे में छापेमारी की थी। इस दौरान अल-कायदा नामक एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर जुबेर इलियास हंगरगेकर को गिरफ्तार किया गया था।

उस पर अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) नामक आतंकवादी संगठन के समर्थन में जिहाद का प्रचार करने, आतंकवादी संगठन से जुड़ी सामग्री रखने और देश की एकता और सुरक्षा को खतरा पहुंचाने का आरोप है।

शोपियां-कुलगाम में जमात-ए-इस्लामी एक्टिविस्ट के ठिकानों पर रेड

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने बुधवार को शोपियां और कुलगाम में 200 से ज्यादा ठिकानों पर छापा मारा। इनमें जमात-ए-इस्लामी (JeI) एक्टिविस्ट के घर भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, छापे के दौरान नादिगाम में डॉ. हमीद फयाज और चित्रगाम में मोहम्मद यूसुफ फलाही सहित अन्य के घरों की तलाशी ली गई।

जैश सरगना मसूद अजहर की बहन के संपर्क में थी डॉ. शाहीन

जैश के वाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल की सबसे अहम कड़ी डॉ. शाहीन सईद को माना जा रहा है। वह जैश सरगना मौलाना मसूद अजहर की बहन सादिया अज​हर के सीधे संपर्क में थी और आतंकी संगठन की महिला विंग जमात उल मोमिनात से जुड़ी थी।

इस विंग को सादिया ने ऑपरेशन सिंदूर में अपने पति की मौत का बदला लेने के लिए अक्टूबर 2025 में बनाया था। जम्मू-कश्मीर पुलिस डॉ. शाहीन को फरीदाबाद की अलफलाह यूनिवर्सिटी से गिरफ्तार करके श्रीनगर ले गई। वहीं उसकी कानूनन गिरफ्तारी हुई।

शाहीन ने इलाहाबाद मेडिकल कॉलेज से MBBS (1996-2001 बैच) और फार्मकोलॉजी में एमडी किया है। वह 2006 से 2013 तक सात साल कानपुर मेडिकल कॉलेज में असिस्टेंट प्रोफेसर रही। उसका चयन UPPSC के जरिए हुआ था।

इसके बाद अचानक गायब हो गई। कॉलेज के नोटिसों का जवाब नहीं देने के चलते 2021 में उसे बर्खास्त कर दिया गया। इसके बाद वह अलफलाह यूनिवर्सिटी में काम करने लगी और इसी दौरान डॉ. मुजम्मिल के संपर्क में आई थी।

अल फलाह यूनिवर्सिटी के कैंपस में 11 दिन तक खड़ी थी i20 कार

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, धमाके में इस्तेमाल हुंडई i20 कार करीब 11 दिन तक हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल फलाह यूनिवर्सिटी के कैंपस में खड़ी थी। 10 नवंबर को आरोपी डॉक्टर उमर नबी घबराहट में कार लेकर दिल्ली आया था। यह कार 29 अक्टूबर को खरीदी गई थी। उसी दिन पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल सर्टिफिकेट के लिए कार बाहर ले जाई गई, जिसके सीसीटीवी फुटेज में तीन लोग नजर आए थे।

दिल्ली ब्लास्ट मामले में कश्मीर का 5वां डॉक्टर गिरफ्तार

लाल किला विस्फोट मामले में जम्मू-कश्मीर पुलिस ने कश्मीर के कुलगाम से मंगलवार रात एक और डॉक्टर को गिरफ्तार किया है। डॉक्टर की पहचान डॉ. तजामुल के रूप में की गई है।

वह श्रीनगर के SMHS अस्पताल में काम करता है। उसे श्रीनगर में उसके किराये के कमरे से गिरफ्तार किया गया है। ब्लास्ट मामले में कश्मीर का यह 5वां डॉक्टर है, जिसे पकड़ा गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *