शिक्षा मंत्रालय ने लॉन्च किए बैंकिंग-इंश्योरेंस से जुड़े ये 2 फ्री ऑनलाइन कोर्स, ऐसे करें ज्वाइन
स्वयं पोर्टल शिक्षा मंत्रालय की खास पहल है। इस पर वर्तमान में बैंकिंग एंड इंश्योरेंस से संबंधित दो विशेष पाठ्यक्रम (Free Banking Courses) उपलब्ध हैं। जिसे स्टूडेंट बिना किसी फीस ज्वाइन कर सकते हैं। इसके लिए केवल पर्सनल और एजुकेशनल डिटेल्स दर्ज करके पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। प्रोफाइल क्रिएट करने के बाद स्टूडेंट किसी भी पाठ्यक्रम से आसानी से जुड़ पाएंगे।
CEC स्वयं पोर्टल के नेशनल को-ऑर्डिनेटर में से एक है। जिसके साथ मिलकर बनारस हिंदू यूनिवर्सिटी, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी और अन्य कई सरकारी और प्राइवेट संस्थान अलग-अलग विषयों से संबंधित पाठ्यक्रम ऑफर करते हैं। बैंकिंग एंड इंश्योरेंस से संबंधित मुफ्त पाठ्यक्रमों के सूची में “बैंकिंग एंड इंश्योरेंस” और फंडामेंटल्स ऑफ़ बैंकिंग एंड इंश्योरेंस” नाम के दो कोर्स शामिल हैं। दोनों कोर्स की शुरुआत जनवरी में होने वाली है। तारीखों की घोषणा भी कर दी गई है। हालांकि एनरोलमेंट की अंतिम तिथि 28 फरवरी 2026 है।
बैंकिंग एंड इंश्योरेंस
बैंकिंग एंड इंश्योरेंस पाठ्यक्रम बीके स्कूल ऑफ़ प्रोफेशनल एंड मैनेजमेंट स्टडीज गुजरात यूनिवर्सिटी द्वारा ऑफर किया जा रहा है। अब तक 384 स्टूडेंट इसे ज्वाइन कर चुके हैं। यूजी लेवल के प्रोग्राम को 12वीं पास आसानी से ज्वाइन कर सकते हैं। इस पाठ्यक्रम को पूरा करने में 12 सप्ताह का समय लगता है। इसकी शुरुआत 5 जनवरी 2026 से होने वाली है। वहीं कोर्स का समापन 30 अप्रैल 2026 को होगा। इसमें 48 अलग-अलग टॉपिक के बारे में पढ़ाया जाएगा।
फंडामेंटल्स ऑफ़ बैंकिंग एंड इंश्योरेंस
फंडामेंटल्स ऑफ़ बैंकिंग एंड इंश्योरेंस सावित्रीबाई फुले पुणे यूनिवर्सिटी द्वारा ऑफर किया जा रहा है। यह इंग्लिश माध्यम में उपलब्ध है। इसे केवल 10 सप्ताह में पूरा किया जा सकता है। अंडरग्रेजुएट लेवल के इस प्रोग्राम को मैनेजमेंट स्टडीज के कैटेगरी में शामिल किया गया है। इसकी शुरुआत 12 जनवरी से होगी। कोर्स 30 अप्रैल 2026 को खत्म हो जाएगा। इसमें बैंकिंग लॉ, फाइनेंशियल सिस्टम, बैंकिंग प्रोडक्ट, इंडियन बैंकिंग सिस्टम समेत अलग-अलग विषयों को इसमें शामिल किया गया है। अब तक 64 स्टूडेंट्स इसे ज्वाइन कर चुके हैं।
ऐसे करें ज्वाइन
- सबसे पहले ऑफिशियल वेबसाइट http://swayam.gov.in पर जाएं।
- साइन इन/रजिस्टर के लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद साइन इन Now के ऑप्शन को चुनें। जरूरी जानकारी दर्ज करें और प्रोफाइल क्रिएट करें।
- गूगल या माइक्रोसॉफ्ट अकाउंट के जरिए भी साइन इन किया जा सकता है।
- इसके बाद होम पेज पर जाकर पाठ्यक्रमों को सर्च करें। इनके बारे में अच्छे से पढ़े और ज्वाइन बटन पर क्लिक करें।
